खबर पक्की, 3 जुलाई, रतलाम। वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन एक बड़ी समस्या बनी हुई है। इसके प्रति सरकार भी चिंतित है। महाविद्यालय का हर विद्यार्थी अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी रक्षा करे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसके लिए सभी लोगों को प्रेरित किया है। यह बात जिला योजना समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय ने कही। वे प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने महाविद्यालय के नव प्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी मोबाइल जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग ज्ञान प्राप्त करने के लिए करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी आधुनिक तकनीक से तो जुड़ें पर अपनी संस्कृति और सभ्यता को न छोड़ें। श्री उपाध्याय ने नए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मैं जिस महाविद्यालय से पढा हूं, आज उसी महाविद्यालय में अतिथि के रूप में आया हूं। आप सबको भी यह अवसर प्राप्त हो सकता है। श्री उपाध्याय ने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई जितनी जरूरी है शारीरिक श्रम भी उतना ही जरूरी है, इसलिए विद्यार्थी खेल गतिविधियों से भी जुड़ें। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि हमने खेल और शिक्षा दोनों को बराबर महत्व दिया है। आप अपने गुरूजनों का सम्मान जरूर करें। इस अवसर पर महाविद्यालय में विकसित किए जा रहे विद्यावन में विद्यार्थियों के साथ अतिथियों ने भी पौधारोपण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. के. मिश्र ने कहा कि विद्यार्थियों को नए पाठ्यक्रमों से जोड़कर अधिक-अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकें यही हमारा उद्देश्य है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों से भी अपेक्षा की कि वे अपने बच्चों को कॉलेज आने के लिए प्रेरित करें। श्री मिश्र ने तीन दिवसीय दीक्षारंभ समारोह में भाग लेने वाले सभी अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया और अपेक्षा की कि पूरे सत्र में विद्यार्थियों का उत्साह इसी प्रकार बना रहे।
विद्यार्थी एक पौधा अपनी पौधा मां के नाम लगाएं और पर्यावरण बचाएं : उपाध्याय
