• Thu. Oct 29th, 2026

पत्रकारिता की भाल पर उत्कृष्टता का तिलक, रतलाम प्रेस क्लब का द्वितीय उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार समारोह 23 जून को, शहर के 11 पत्रकारों को 11 हजार रुपए नगद राशि के साथ मिलेगी शील्ड

BySurendra Jain

Jun 20, 2024

खबर पक्की, 20 जून, रतलाम। रतलाम प्रेस क्लब के इतिहास में दूसरी बार उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार का आयोजन 23 जून को होगा। आयोजन में रतलाम प्रेस क्लब के 11 विजेता सदस्यों को दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में शील्ड के साथ 11-11 हजार रुपए की नगद राशि प्रदान की जाएगी।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी और सचिव यश शर्मा बंटी ने बताया कि पत्रकारिता की भाल पर उत्कृष्टता का तिलक थीम के साथ सागोद रोड स्थित जेएमडी पैलेस पर सुबह 10.15 बजे कार्यक्रम प्रारंभ होगा। समारोह में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चैतन्य काश्यप, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, डीआईजी मनोज सिंह, कलेक्टर राजेश बाथम और एसपी राहुल कुमार लोढ़ा आतिथ्य प्रदान करेंगे। समारोह में प्रदेश के ख्यात पत्रकार इंदौर से ललित उपमन्यु, सुधीर गोरे, हर्षवर्धन प्रकाश, भोपाल से पंकज मुकाती, सुमित शर्मा, उज्जैन प्रेस क्लब के अध्यक्ष विशालसिंह हाड़ा, जिले के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, शहर के अधिकारी शिक्षाविद, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
दिवंगतों के नाम पर हर श्रेणी में पुरस्कार
समारोह में प्रिंट मीडिया के 3, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के 3, डिजिटल मीडिया के 3 और फोटो जर्नलिस्म में 1 पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा एक पुरस्कार सामाजिक सरोकार की खबरों पर पृथक से रहेगा। खास बात यह है कि ये पुरस्कार जिले के ख्यात दिवंगत पत्रकारों एवं उनके परिजनों के नाम से हैं जो उनकी स्मृतियों को जीवित करेंगे। पुरस्कारों में अमृत नलवाया, तेजमल लोढ़ा, रामनाथ शुक्ल, रवींद्र भट्ट, शांतिलाल कांठेड़, रमेश शर्मा, कैलाश बरमेचा, इंदरमल कटारिया, ओमप्रकाश दवे, लक्ष्मीदेवी आनंदीलाल मूणत, भगवतीलाल केलवा के नाम पर पुरस्कार हैं।
प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों ने दिया निर्णय
रतलाम प्रेस क्लब द्वारा पुरस्कार के पूर्व साथी पत्रकारों से अलग-अलग श्रेणी में सामाजिक सरोकार से जुड़ी 2023 की खबरों की प्रवृष्टियां मंगवाई गई थीं। विभिन्न श्रेणियों में 33 पत्रकारों ने 96 खबरें प्रतियोगिता के लिए भेजीं। विभिन्न पहलुओं पर परखने के बाद प्रदेश के ख्यात पत्रकारों ने इनमें से सर्वश्रेष्ठ 11 को पुरस्कार के लिए चयनित किया है।

You missed

error: Content is protected !!