खबर पक्की, 13 जून, कुवैत। दक्षिणी कुवैत के मंगफ क्षेत्र में विदेशी मजदूरों वाली एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से करीब 49 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 40 से ज्यादा भारतीय बताए जा रहे हैं। बाकी पाकिस्तान, फिलीपिन, मिस्र, नेपाल के नागरिक थे। इस दौरान 50 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। इस बीच घायल भारतीयों की सहायता की निगरानी करने और मारे गए लोगों के शवों को वापस लाने के लिए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह कुवैत रवाना हुए।
कुवैत रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि कुछ शव इतने जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। बाकी स्थिति तब स्पष्ट होगी, जब हम वहां पहुंचेंगे। दिल्ली हवाई अड्डे पर समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कीर्तिवर्धन ने कहा कि हमने कल शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक बैठक की। यह इस बहुत दुखद त्रासदी है। हम पल पल पर नजर बनाए हुए हैं। बाकी स्थिति तब स्पष्ट होगी जब हम वहां पहुंचेंगे।
जान गंवाने वालों के शवों को वापस लाने की योजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि पीडि़त ज्यादातर जले हुए हैं और कुछ शव इतने जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। इसलिए पीडि़तों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण किया जा रहा है। राज्य मंत्री ने कहा कि वायु सेना का एक विमान स्टैंडबाय पर है। जैसे ही शवों की पहचान हो जाएगी, परिजनों को सूचित किया जाएगा और हमारा वायु सेना का विमान शवों को वापस लाएगा।
उन्होंने कहा कि कल रात हमारे पास जो ताजा आंकड़े आए, उनमें हताहतों की संख्या 48-49 के आसपास है, जिनमें से 42 या 43 भारतीय बताए जा रहे हैं। इस बीच कुवैत में भारतीय दूतावास घटना में प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने के लिए एक हेल्पलाइन +965-65505246 (व्हाट्सएप और नियमित कॉल) स्थापित की है।
पीएम मोदी ने की अहम बैठक, मुआजवे का एलान
प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना को ‘दुखदÓ बताया। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में इस घटना के बाद स्थिति की समीक्षा की। पीएम मोदी ने इस ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटनाÓ पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि भी घोषित की।
विदेश राज्य मंत्री कुवैत रवाना, 49 मौतों से हाहाकार, हादसे के वक्त लोग सो रहे थे, दम घुटने से गई जान
