• Thu. Oct 29th, 2026

अधिकारी, कर्मचारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर जल गंगा संवर्धन अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, कलेक्टर बाथम ने बैठक में दिए निर्देश

BySurendra Jain

Jun 7, 2024

खबर पक्की, 7 जून, रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुसार रतलाम जिले में भी जल गंगा संवर्धन अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर वृक्षारोपण के साथ ही जल संरक्षण तथा जल संवर्धन के अधिकाधिक कार्य सम्पन्न करवाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर राजेश बाथम ने शुक्रवार को बैठक में दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत शृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई, डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, सभी एसडीएम, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, शहरी विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी अरुण पाठक आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर ने अभियान पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उन कुओं, बावडिय़ों तथा अन्य जल संरचनाओं को सूचीबद्ध किया जाए जिनकी सफाई एवं जीर्णोद्धार किया जाना है। जिले में नियोजित ढंग से अभियान का क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है, चरणबद्ध रूप से काम करके व्यापक वृक्षारोपण, वनो के विकास, जल को सहेजने एवं संवर्धन की मंशा को सफल बनाना है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में खाली पड़ी भूमि एवं पहाडिय़ों पर सीड बाल के माध्यम से वन विकास की योजना बनाई गई है। वन विभाग के समन्वय से अधिकारी सीड बाल तैयार करवाएं, इस मानसून में अधिकाधिक रुप से सीड बाल द्वारा पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है। कलेक्टर ने उन कुओं, बावडियो की भी सूची बनाने के लिए निर्देश दिए जो असुरक्षित है, जिनकी मरम्मत की जाना है। सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के लगभग 4 हजार हैंडपंपो को रिचार्ज किया जाएगा जिससे पर्याप्त मात्रा में जल संचयन हो सकेगा, हैंडपम्प बंद नहीं होंगे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका है इसलिए सभी एसडीएम गंभीरता के साथ नियमित रूप से अभियान की सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

You missed

error: Content is protected !!