• Thu. Oct 29th, 2026

सरेआम गुंडागर्दी के वीडियो वायरल होने के बाद एक्टिव हुई पुलिस, देर रात उतरी सड़कों पर, होटलों की चेकिंग

BySurendra Jain

Jun 7, 2024

खबर पक्की, 7 जून, रतलाम। शहर में लगातार हो रही मारपीट, चाकूबाजी, बढ़ती गुंडागर्दी के बाद अब पुलिस एक्शन मोड में आती नजर आ रही है। बीती रात एसपी राहुल लोढ़ा के निर्देश पर पुलिस सड़कों पर उतरी और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के साथ ही होटलों की भी चेकिंग की।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के दिलबहार चौराहे पर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें कुछ युवक बेखौफ और बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इतने महत्वपूर्ण चौराहे पर भी काफी देर तक मारपीट होती रही लेकिन पुलिस का कोई बंदा वहां नजर नहीं आया। सूत्र बताते हैं कि वीडियो वायरल होने के बाद एसपी राहुल लोढा ने मामले को लेकर सख्त नाराजगी जाहिर की। एसपी की नाराजगी और निर्देशो के बाद बीती रात स्टेशन रोड थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। सीएसपी अभिनव वारंगे भी इस दौरान मौजूद रहे।
सीएसपी अभिनव वारंगे के नेतृत्व में पुलिस बल ने स्टेशन रोड क्षेत्र की होटलों की चेकिंग की। होटल के रजिस्टर भी चेक किए। इस दौरान एक होटल पर ठहरे एक व्यक्ति से पूछताछ करने पर वह उसके रतलाम आने का कारण स्पष्ट रूप से नहीं बता पाया। पुलिस ने उसके मोबाइल को चेक किया और उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए रतलाम में रह रहे उसके रिश्तेदारों को बुलाकर उनके साथ उसे घर भेजा। कुछ होटलों की शटर बंद थी लेकिन अंदर युवक बैठे हुए थे। पुलिस ने युवको को वहां से निकालकर होटल संचालकों को समय पर होटल बंद करने की हिदायत दी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने चौराहे और आसपास बेवजह खड़े युवकों को भी हटाया। यहां विशेष बात यह है कि पुलिस की यह सख्ती सिर्फ कुछ होने के बाद नजर आती है?, यदि प्रतिदिन पुलिस रात में सड़कों पर दिखाई दे तो वारदातों पर रोक लग सकती है।

You missed

error: Content is protected !!