खबर पक्की, 6 जून, रतलाम। राजीव नगर (दिलीप नगर) निवासी पिता, पुत्र पर जानलेवा हमले के तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घायल पिता, पुत्र के परिजनों के साथ क्षेत्रवासियों, हिंदू संगठन पदाधिकारियों ने गुरुवार सुबह सालाखेड़ी पुलिस चौकी घेर दी। रोड पर चक्काजाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो से ढाई घंटे तक सालाखेड़ी बायपास रतलाम इंदौर रोड पर चक्काजाम लगा रखा। इससे राहगीरों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
परिजनों का कहना था कि आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाया जाए। क्षेत्र में आए कुछ लोगों द्वारा गुंडागर्दी की जाती है। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है। इससे बदमाशों के हौंसले बुलंद होते जा रहे है। पुलिस ध्यान नहीं दे रही है। हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर इनके मकान तोड़े जाए।
मौके पर एसडीएम एसके पांडेय, सीएसपी अभिनव वारंगे. स्टेशन रोड थाना प्रभारी दिनेश भोजक बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों द्वारा समझाने की कोशिश की। लेकिन आक्रोशित परिवारजन व हिंदू संगठन पदाधिकारी मानने के लिए तैयार नहीं थे।
आक्रोशित जन तपती धूप के बीच सड़क पर बैठ गए। महिलाएं भी बड़ी संख्या में आई थी। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया कि जांच चल रही है। शेष जो भी आरोपी है उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। जो भी मांग कर रहे है उसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन आक्रोशित जन तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे थे। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। रोड पर चक्काजाम करने के कारण रोड पर आने-जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट कर अन्य मार्ग से निकाला गया।
सीएसपी अभिनव वारंगे ने बताया 2 जून को 7 लोगों को खिलाफ 307 की एफआईआर हुई थी। 3 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हे। शेष की तलाश कर शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। क्षेत्रवासियों की जो भी मांग है उस पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान हिंदू संगठन पदाधिकारियों में आशीष सोनी, जगदीश पाटीदार, सिद्धार्थ पंड्या, प्रद्युम शर्मा, रवि सेन, जगदीश पाटीदार, दीपक परमार, विकल्प सांकला, कुलदीप माहेश्वरी समेत क्षेत्रवासी व घायल के परिजन उपस्थित रहे।
यह था मामला
2 जून की शाम राजीव नगर (दिलीप नगर) निवासी पिता-पुत्र पर 7 युवकों ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में दीपक (23) और उसके पिता नागेश्वर पांचाल घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट स्टेशन रोड पुलिस थाने में हुई थी।
घायल दीपक का कहना था कि 2022 में नाहरु खां से विवाद हो गया था। विवाद का केस कोर्ट में चल रहा है। उसी केस में राजीनामा करने के लिए नाहरु खां दबाव बना रहा था। दो दिन पहले भी दबाव बनाने के लिए विवाद किया था, जिसकी शिकायत स्टेशन रोड थाने पर की थी। लेकिन पुलिस ने समय रहते ध्यान नहीं दिया। पिता आज भी अस्पताल में भर्ती है। दीपक की रिपोर्ट पर पुलिस ने नाहरु खान पिता वहीद खान निवासी राजीव नगर, अकबर, वाजीद खान पिता वहीद खान, अनवर खान पिता वहीद खान, साजीद खान पिता वहीद खान, नाहरु व इमरान पिता रफीक के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 207, 294, 506 भादवि के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने 7 आरोपियों में से नाहरू पिता वहिद खान, अकबर, इमरान को गिरफ्तार कर लिया है।
पीएम आवास योजना में है आरोपियों के मकान
आक्रोशित जनों द्वारा आरोपियों के मकान तोडऩे की जो मांग कर रहे थे वह पीएम आवास योजना में बने हुए है। ऐसे में अधिकारी ही खुलकर आक्रोशितों को आश्वासन नहीं दे रहे थे। आक्रोशितों से लिखित में अपनी मांगे लिख कर देने को बोला। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भी पुलिस से लिखित में आश्वासन मांगा। करीब दो से ढाई घंटे तक यह हंगामा चलता रहा। इस बार तो पूतला जलाने की भी कोशिश की। लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लोगों को रोड से हटा दिया।
आरोपियों के मकान तोडऩे की मांग, रतलाम में पिता-पुत्र पर हुआ था हमला, ढाई घंटे तक किया चक्काजाम
