• Thu. Oct 29th, 2026

ऐतिहासिक जीत का श्रेय सबको : नवनिर्वाचित सांसद अनीता नागरसिंह चौहान, धन्यवाद रैली में जताया रतलाम की जनता का आभार, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, नागरसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय रहे साथ, शहर में नवनिर्वाचित सांसद का जोरदार स्वागत

BySurendra Jain

Jun 6, 2024

खबर पक्की, 6 जून, रतलाम। रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर संसदीय क्षेत्र की नवनिर्वाचित सांसद अनीता नागरसिंह चौहान ने ऐतिहासिक जीत के बाद धन्यवाद रैली में रतलाम की जनता का आभार जताया। उन्होने अपनी जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं, मतदाताओं, पार्टी के नेताओं आदि सबको दिया और कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। धन्यवाद रैली विजय रथ के साथ नाहरपुरा चौराहे से निकली। इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, वन एवं पर्यावरण मंत्री नागरसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, आशा मौर्य एवं महिला मोर्चा प्रदेश सदस्य अनीता कटारिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन आदि रथ पर सवार रहे।
नाहरपुरा से आरंभ होकर धन्यवाद रैली डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी होते हुए रानी जी का मंदिर धानमंडी पर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर मंचों से आमजन के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नवनिर्वाचित सांसद श्रीमती अनीता नागरसिंह चौहान का आत्मीय स्वागत किया गया। रैली के आरंभ में पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने नवनिर्वाचित सांसद का स्वागत किया। रैली में भाजपा के जिला, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।
धान मंडी में सांसद अनीता नागर सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में माता, बहने, बुजुर्गों का अपार समर्थन मिला है। यदि आपका सहयोग नहीं मिलता तो जीत नहीं होती। उन्होने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए जो भी महत्वपूर्ण कार्य होंगे वह करूंगी। उनकी जीत का श्रेय सबको है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने ऐतिहासिक जीत के लिए रतलाम के मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से लोकसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा लीड रतलाम विधानसभा से मिली है। वन एवं पर्यावरण मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि सबके अथक परिश्रम से यह ऐतिहासिक जीत मिली है। मध्य प्रदेश सरकार और मोदी जी के नेतृत्व में अब रतलाम विकसित होगा। विकास की गंगा हर क्षेत्र में पहुंचेगी। सभा का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने किया।

You missed

error: Content is protected !!