• Thu. Oct 29th, 2026

सीमांकन में ढिलाई नहीं बरते, कलेक्टर श्री बाथम ने राजस्व अधिकारियों को बैठक में दिए निर्देश

BySurendra Jain

May 31, 2024

खबर पक्की, 31 मई, रतलाम। सभी राजस्व अधिकारी सुनिश्चित करें कि कार्यालय में आने वाले किसान तथा आम नागरिक परेशान नहीं हो, उनके कार्य समय सीमा में होना चाहिए। वर्षा का मौसम आ चुका है, सीमांकन कार्य में बिल्कुल भी ढिलाई नहीं बरती जाए अन्यथा संबंधित तहसीलदार, नायब तहसीलदार के विरुद्ध कार्रवाई में देरी नहीं की जाएगी। राजस्व के अन्य कार्य भी समय सीमा में पूर्ण करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को संपन्न राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई, डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर अनिल भाना, एसडीएम मनीष जैन, संजीव पांडे, सुनील जायसवाल, सुश्री राधा महंत तथा तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
सीमांकन तथा अन्य राजस्व कार्यो की समीक्षा में कलेक्टर द्वारा अधिकांश नायब तहसीलदारों के कार्य में ढिलाई पाई गई। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि समय पर काम पूरा नहीं किया तो एक्शन लेने में विलंब नहीं होगा। लंबित राजस्व प्रकरणों की अधिकांश संख्या रतलाम शहर के पूर्वी तथा पश्चिमी क्षेत्र नायब तहसीलदार जावरा तथा बाजना के नायब तहसीलदारो के यहा पाई गई। समीक्षा में जावरा में लगभग साढे तीन सौ तथा नामली में 100 से अधिक सीमांकन प्रकरण निराकरण के लिए लंबित पाए गए। पिपलोदा में भी बड़ी संख्या में सीमांकन कार्य लंबित पाया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पहले आओ पहले पाओ के आधार सीमांकन के लिए जो भी व्यक्ति पहले आता है उसका कार्य पहले किया जाए।
एसडीएम सैलाना द्वारा बताया गया कि रावटी तथा बाजना क्षेत्र में राजस्व निरीक्षको की कमी से कार्य प्रभावित हो रहा है। कलेक्टर द्वारा अधीक्षक लैंड रिकॉर्ड को निर्देशित किया गया कि युक्तियुक्त ढंग से नियुक्ति करके बाजना रावटी में राजस्व निरीक्षकों की पूर्ति करें। राजस्व प्रकरणों के निपटारे की समीक्षा में जावरा में तीन माह से अधिक अवधि के 51 तथा ताल में 28 प्रकरण पाए गए। बाजना नायब तहसीलदार की स्थिति भी अच्छी नहीं पाई गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 1 वर्ष से अधिक अवधि के कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहे। बैठक में कलेक्टर द्वारा भू अर्जन, राजस्व वसूली, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों हेतु आवास उपलब्धता, पटवारियो को समयमान वेतनमान तथा लैपटॉप के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर समीक्षा की जाकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

You missed

error: Content is protected !!