• Thu. Oct 29th, 2026

डॉल्फिन स्विमिंग पूल में युवक की मौत का मामला, स्वीमिंग पुल संचालक और ट्रेनर सहित तीन के खिलाफ प्रकरण दर्ज

BySurendra Jain

May 30, 2024

खबर पक्की, 30 मई, रतलाम। डॉल्फिन स्वीमिंग पुल में डूबने से युवक की मौत पर पुलिस ने स्वीमिंग पुल संचालक, ट्रेनर सहित एक अन्य युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध धारा 304ए, 34 में दर्ज किया है।
अनिकेत दिनेश तिवारी (19) निवासी पटेड़ा थाना मौरावा जिला उन्नाव उत्तरप्रदेश हाल मुकाम ब्राह्मणों का वास की गत 19 मई की शाम को डॉल्फिन स्वीमिंग पुल के पानी में डूबने से मौत हो गई थी। युवक की मौत पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मोहक तिवारी की सूचना पर मर्ग कायम किया था।
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने युवक की मौत के मामले में तीन लोगों की लापरवाही से युवक की मौत डूबने से होना पाया। इसमें पुलिस ने स्वीमिंग पुल के ट्रेनर कमल टांक निवासी कोमलनगर, सहित स्वीमिंग पुल संचालक विजयशंकर पांडेय और पीयूष कुमावत नामक युवक के खिलाफ 304ए 34 भादवि में अपराध कायम किया है।
बता दें कि मृतक अनिकेत तिवारी पिछले दिनों दोस्तों के साथ कोमलनगर स्थित स्वीमिंग पुल गया था। बताया जाता है कि स्वीमिंग पुल के किनारे बैठा था कि तभी एक अन्य तैराक का पैर लग जाने से वह सीधे स्वीमिंग पुल में जा गिरा जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी तब भी स्वीमिंग को चालू पाया गया। वहां पहुंचे नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव वारंगे ने स्वीमिंग पुल बंद करवाया था।

You missed

error: Content is protected !!