खबर पक्की, 25 मई, रतलाम। टाटा नगर गली 4 में दो सांडों की लड़ाई में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बुजुर्ग महिला घर के बाहर बाटी सेंक रही थी। इसी दौरान दो सांड लड़ते हुए आए। महिला संभल पाती, इससे पहले एक सांड महिला के ऊपर गिर गया। इससे महिला भी सांड के साथ नाले में जा गिरी।
घटना शुक्रवार शाम 7 बजे की है। मृतक महिला शांता बाई पति मदनलाल है। महिला के पति मदनलाल ने बताया कि शाम पत्नी घर के बाहर बाटी सेंक रही थी, तभी दो सांड लड़ते हुए आए और शांताबाई के ऊपर गिर गए। इस कारण वह पास के नाले में जा गिरी। रहवासियों की मदद से पत्नी को नाले में निकाला। रात होने के कारण अस्पताल लेकर नहीं गए।
शुक्रवार सुबह पैरों में सूजन होने पर प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने एक्सरे कर पैर में फैक्चर बताया। परिवार की स्थिति कमजोर होने के कारण वह लौट गए। घर आकर दोपहर में बड़ौदा ले जाने की तैयारी की। सुबह 11.30 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। ऑटो से लेकर दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। ड्यूटी डॉक्टर ने जांच कर मृत कर घोषित कर दिया। शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डीडी नगर पुलिस मामले की जांच करेगी।
4 फीट नाले में गिरी
मदनलाल ने बताया कि उनके क्षेत्र में करीब 4 फीट नाला दो महीने से खुदा है, जिसे बनाया नहीं गया है। इस कारण आवागमन में परेशानी होती है। सांड ने इसी नाले में पत्नी शांताबाई को गिराया। महिला के दो बेटे हैं।
शहर में घूमते रहते हैं मवेशी
शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशी लगातार घूमते रहते हैं। नगर निगम समय-समय पर कार्रवाई करती है, लेकिन कुछ दिनों बाद बंद हो जाती है। पूर्व में पदस्थ रहे कई कलेक्टरों ने भी इसे लेकर प्रयास किए, लेकिन निगम की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतान पड़ता है।
सांड की लड़ाई में बुजुर्ग महिला की मौत
