खबर पक्की, 24 मई, रतलाम। भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल की एंबुलेंस से महिला का शव लेकर एक व्यक्ति रतलाम पहुंचा। एंबुलेंस को रावटी की तरफ लेकर गया। फिर रतलाम के सालाखेड़ी की तरफ आकर शव एंबुलेंस में छोड़ कर भाग गया। एंबुलेंस ड्रायवर शव लेकर पुलिस के पास पहुंचा। रतलाम पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर मामले की जांच शुरू की है।
20 मई को रतलाम के मेडिकल कॉलेज में गीता बाई (38) कथित पति आनंद वाल्मिकी को रतलाम के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। भर्ती कराने वाले कथित पति आनंद ने बाथरुम में छत का छज्जा गिरने से महिला को घायल होना बताया था। साथ ही, रतलाम के पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र के शिवनगर का रहने वाला बताया। महिला की हालात खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज से इंदौर रेफर किया, लेकिन उसे इंदौर नहीं ले जाकर भोपाल हमीदिया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां मौत हो गई।
गुरुवार रात हमीदिया हॉस्पिटल की एंबुलेस से ड्रायवर निलेश (32) पिता गुलाबसिंह सिलावट निवासी शारदा नगर नारियल खेडा थाना गौतम नगर भोपाल से शव लेकर रतलाम आया। एंबुलेस में शव के साथ एक व्यक्ति था। जो कि एंबुलेस को पहले रावटी की तरफ लेकर गया। इसके बाद रतलाम सालाखेड़ी की तरफ लेकर आया। इधर-उधर घूमता रहा। बाद में शव के साथ आया व्यक्ति सालाखेड़ी के पास एंबुलेंस छोड़ गायब हो गया। एंबुलेंस ड्रायवर रात में सालाखेड़ी पुलिस चौकी पहुंचा। वहां घटना की जानकारी दी। इसके बाद शव को रात में ही मेडिकल कॉलेज भेजा गया। थाना औद्योगिक क्षेत्र ने मर्ग कायम किया।
थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने बताया कि महिला को बाथरुम में छज्जा गिरने से घायल होने पर संबंधित ने पत्नी बताते हुए भर्ती किया था। संबंधित ने उस समय रतलाम का निवासी होना बताया था। मर्ग कायम कर जांच कर रहे हैं।
उज्जैन-नागदा की रहने वाली महिला
एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि महिला उज्जैन व नागदा की रहने वाली है। संबंधित व्यक्ति ने 20 मई को महिला को चोटिल बताते हुए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया था। वहां से इंदौर रेफर किया। लेकिन वह भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल लेकर गया। एंबुलेंस में शव लाकर रतलाम जिले के रावटी व अन्य स्थानों पर घूमाने के बाद वह फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। महिला का पीएम करवाया है। मर्ग कायम किया है।
कथित पति हिस्ट्रीशीटर
एंबुलेंस में महिला का शव छोड़कर भागे व्यक्ति की सूचना पर रतलाम पुलिस मामले की गंभीरता को लेकर एक्टिव हो गई। रात से ही पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला का कथित पति उज्जैन-नागदा का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर उसकी उसकी तलाश कर रही है।
एम्बुलेंस में महिला का शव छोड़ भागा साथी : भोपाल में मौत के बाद पहुंचा था रतलाम, ड्राइवर ने दी पुलिस को सूचना
