• Thu. Oct 29th, 2026

मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री रजनीश कुमार द्वारा विभिन्न स्टेशनों एवं दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण

BySurendra Jain

May 17, 2024

खबर पक्की, 17 मई, रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश कुमार मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकासात्मक कार्यों के साथ ही साथ अधोसंरचनात्मक कार्यों को निर्धारित समयावधि में पुरा करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ सघन निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में 16 एवं 17 मई, 2024 को संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ देवास, लक्ष्मीबाई नगर, राऊ-डॉ. अम्बेडकर नगर दोहरीकरण, डॉ. अम्बेडकर नगर स्टेशन इत्यादि का गहन निरीक्षण एवं किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
16 मई, 2024 को फतेहाबाद चंद्रावतिगंज उज्जैन खंड में समपार संख्या 4/सी का निरीक्षण कर गेट की कार्यशीलता, पटाखे, विभिन्न प्रकार के निरीक्षण रजिस्टर की जांच की गई तथा ऑन ड्यूटी गेटमैन से गेट के सुरक्षित एवं संरक्षित संचालन की जानकारी ली गई। इसके साथ ही देवास एवं लक्ष्मीबाईनगर स्टेशन पर अमृत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों एवं यात्री सुविधा से संबंधित कार्यों का जायजा लिया गया तथा यात्री सुविधा से संबंधित कार्यों को निर्धारित समयावधि में शीघ्रता से पूरा करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
17 मई, 2024 को मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री रजनीश कुमार द्वारा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में राऊ से डॉ. अम्बेडकर नगर यार्ड के मध्य ब्लॉक लेकर किए जा रहे दोहरीकरण कार्य का काफी गहनता से निरीक्षण किया गया। राऊ से समपार संख्या 258 तक मोटर ट्रॉली से निरीक्षण किया गया तथा खंड में किए जा रहे दोहरीकरण कार्य का जायजा लिया गया। इस दौरान राऊ, हरनिया खेड़ी एवं डॉ. अम्बेडकर नगर स्टेशन पर किये जा रहे निर्माण कार्यों, यात्री सुविधा के कार्यों आदि का निरीक्षण कर कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रतलाम द्वारा समपार संख्या 157/सी का निरीक्षण कर ऑन ड्यूटी गेटमैन से गेट संचालन के साथ संरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी ली गई।
इन दो दिवसिय निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(उत्तर), वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(दक्षिण), वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर(दक्षिण), वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर टीआरडी एवं पावर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(कार्य) सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक अपने अपने खंड में उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!