• Thu. Oct 29th, 2026

मथुरी और करमदी अब ग्राम नहीं महानगर का हिस्सा होंगे – कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की नुक्कड़ सभाएं शुरू

BySurendra Jain

May 7, 2024

खबर पक्की, 7 मई, रतलाम। लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए अब नुक्कड़ सभाओं का दौर शुरू हो गया है। पहले दिन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने ग्राम मथुरी और करमदी में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होंने सभी लोगों से विकास के क्रम को अनवरत जारी रखने के लिए भाजपा प्रत्याशी अनीता नागर सिंह चौहान को अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया।
मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि मथुरी और करमदी अब ग्राम नहीं, अब यह महानगर का हिस्सा बनने जा रहे है। विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक मतदान मथुरी से हुआ है, ऐसा ही लोकसभा चुनाव में होना चाहिए। गांव के समीप रिंग रोड बनी है। इससे छोटी सी जमीन की अगले 5 साल में कीमत दस गुना होगी। आपके आसपास रोजगार के इतने अवसर खुलेंगे कि किसी को रोजगार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। मोदी जी ने 400 पार का जो संकल्प लिया है, उसमें आपका योगदान बहुत जरूरी है। रतलाम की जीत से ही हम लोकसभा जीतते हैं, यह दिल्ली तक सबको पता है।
विधानसभा प्रभारी हरिराम शाह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। 10 वर्षों में देश का कायाकल्प करने का कार्य मोदी जी ने किया है। वे देश के लिए व्यक्ति नहीं, सबसे बड़ी शक्ति बनकर आए हैं। उन्होंने 2047 तक का रोडमैप तैयार किया है। यह चुनाव देश की दशा और दिशा बदलने वाला होगा। 13 मई को सबसे पहले स्वयं का मतदान करना है, फिर परिवार का और उसके बाद आस पास के लोगों का मतदान कराना है।
मथुरी में सभा से पूर्व ग्रामीणों ने मंत्री श्री काश्यप का फूल माला एवं साफा भेंट कर स्वागत किया। स्वागत भाषण निलेश गांधी ने दिया। सभा का संचालन मंडल महामंत्री हेमंत राहोरी ने किया एवं आभार मंडल महामंत्री पीरुलाल सोवनचा ने माना। इस अवसर पर विधानसभा सहसंयोजक प्रहलाद राठौड़, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, सरपंच रूपचंद पाटीदार, विनोद पाटीदार, लक्ष्मीनारायण पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!