• Thu. Oct 29th, 2026

दुष्कर्म पीडि़ता की पहचान उजागर करने पर जीतू पटवारी और विक्रांत भूरिया पर केस दर्ज

BySurendra Jain

Apr 29, 2024

खबर पक्की, 29 अप्रैल, आलीराजपुर। नाबालिग दुष्कर्म पीडि़ता की पहचान उजागर करने पर जोबट पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। कांग्रेस नेता रविवार को पीडि़ता के निवास पर गए थे। स्वजन से चर्चा के दौरान लिया गया चित्र दोनों नेताओं ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किए थे।
जिले के जोबट थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ी खट्टाली में गत 26 अप्रैल को तड़के शादी समारोह में गई 12 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार कर बाल सुधारगृह भेजा गया है। इस मामले में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी, झाबुआ विधायक भूरिया पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ पीडि़ता के निवास पर पहुंचे थे और स्वजन से चर्चा की थी।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया से चर्चा में आरोप लगाया था कि दुष्कर्म के आरोपितों में एक आरोपित प्रदेश के वन व पर्यावरण मंत्री नागरसिंह चौहान का रिश्तेदार है। जिले में राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग कर आदिवासियों पर अत्याचार किया जा रहा है। दोनों नेताओं ने अपने एक्स अकाउंट पर पीडि़ता के स्वजन के साथ चर्चा के दौरान लिया गया चित्र पोस्ट किया था।
इसे लेकर जोबट निवासी संगीता बघेल ने पुलिस को आवेदन दिया था। इसमें कहा गया था कि उक्त चित्र में पीडि़ता के स्वजन और उसका घर दिख रहा है। इस आवेदन पर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी और झाबुआ विधायक भूरिया के खिलाफ आइपीसी की धारा 228ए, पाक्सो एक्ट की धारा 23 और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रकरण दर्ज किया
दुष्कर्म पीडि़ता के पहचान उजागर करने को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ था। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी व झाबुुआ विधायक विक्रांत भूरिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

  • राजेश व्यास, पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर

You missed

error: Content is protected !!