• Thu. Oct 29th, 2026

सालाखेड़ी के एक गोदाम से हुई 40 क्वि सोयाबीन की चोरी का 36 घंटो के भीतर पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी, एक अन्य चोरी का भी हुआ पर्दाफाश

BySurendra Jain

Apr 15, 2024

खबर पक्की, 15 अप्रैल, रतलाम। शहर की सालाखेडी पुलिस ने सालाखेडी स्थित एक गोदाम से डेढ लाख रु. से अधिक मूल्य की 40 क्विंटल सोयाबीन की चोरी किए जाने के सनसनीखेज मामले का 36 घण्टों के भीतर पर्दाफाश करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चुराए गए 40 क्विंटल सोयाबीन को बरामद भी कर लिया है। चोर गिरोह के दो सदस्य फरार है,जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,शहर सराय निवासी मनीष पिता रमेशचन्द्र माहेश्वरी ने 12 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके सालाखेडी स्थित गोदाम में अज्ञात व्यक्तियों ने गेट का ताला तोड कर और खिडकी के सरिये काटकर गोदाम में प्रवेश किया और गोदाम में रखे सोयबीन के कुल 80 बैग चुरा लिए। चोरी किए गए सोयाबीन का कुल वजन कुल 40 क्विंटल था, और इसका मूल्य करीब एक लाख साठ हजार रु. था। मनीष माहेश्वरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राहूल कुमार लोढा ने इस मामले के अनुसंधान के लिए स्टेशनरोड थाना प्रभारी दिनेश भोजक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। सीसीटीवी फुटेज मे दिखाई दिए संदिग्ध वाहनों की पडताल की गई। इस दौरान एक संदिग्ध वाहन बोलेरो पिकअप क्रं. एमपी 11 जी 6051 के बारे में जांच पडताल करने पर इस वाहन के मालिक की जानकारी ली गई।
पूछताछ के दौरान वाहन के चालक कन्हैया उर्फ कान्हा द्वारा अपने अन्य साथियों राहूल,सूरज तथा खेल सिंह के साथ मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। चोरी का पर्दाफाश होने पर पुलिस ने वाहन चालक कन्हैया उर्फ कान्हा पिता बलिया भर आयु 2 वर्ष नि.दौलतपुरा थाना अमझेरा जि.धार तथा राहूल पिता रमेश ताड नि.थाना अमझेरा जि धार को घटना के मात्र घण्टों के भीतर गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी किए क्विंटल सोयाबीन और चोरी में प्रयुक्त बोलेरों पिकअप को जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने विगत 8 व 9 अप्रैल की दरम्यानी रात इप्का फैक्ट्री के पास के एक गोदाम से गेंहू की चोरी करना भी स्वीकार किया है।
गिरफ्तार आरोपी : कन्हैया उर्फ कान्हा पिता बलिया भर उम्र 20 वर्ष निवासी दौलतपुरा थाना अमझेरा जिला धार, राहुल पिता रमेश ताड़ उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम टांडा खेड़ा थाना अमझेरा जिला धार।
फरार आरोपी : राहुल, खेलसिंह।
सराहनीय भूमिका : मात्र 36 घंटो के भीतर चोरी का पर्दाफाश करने में उप निरीक्षक मुकेश यादव चौकी प्रभारी सालाखेड़ी, सहायक उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा, प्रधान आरक्षक 908 निलेश पाठक, प्रधान आरक्षक 106 लखन सिंह यादव, आरक्षक 315 दीपक मकवाना, आरक्षक 198 जितेंद्र सिंह राठौड़ तथा आरक्षक 628 श्याम दयाल राठौर तथा सायबर सेल से आर मयंक व्यास का सराहनीय योगदान रहा।

You missed

error: Content is protected !!