• Thu. Oct 29th, 2026

रतलाम मंडल शिकायतों के प्रति सजग, समय पर किया जा रहा शिकायतों का निदान

BySurendra Jain

Apr 15, 2024

खबर पक्की, 15 अप्रैल, रतलाम। ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बढऩे से दिन-प्रतिदिन यात्रियों द्वारा की जाने वाली शिकायतों में भी वृद्धि हुई है। 14 अप्रैल, 2024 को रतलाम मंडल से संबंधित 89 शिकायतें प्राप्त हुई इनमें यात्री सुविधा, अनारक्षित टिकट के साथ आरक्षित कोच में यात्रा, कोच में पानी की उपलब्धता, सुरक्षा, लगेज/पार्सल, इलेक्ट्रिकल उपकरणों की खराबी, रिफंड सहित अन्य प्रकार की शिकायतें शामिल है। इसमें 11 चिकित्सा सहायता भी सम्मिलित है। रतलाम मंडल के वाणिज्य कंट्रोल में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा अन्य विभागों के सकारात्मक सहायोग के कारण रतलाम मंडल पर चल रही ट्रेनों में 89 में से 80 शिकायतों का निपटारा एक दिन में किया गया। वाणिज्य कंट्रोल द्वारा इस प्रकार मंडल से संबंधित लगभग 90 प्रतिशत प्राप्त शिकायतों का निपटारा किया गया।
इन्हीं शिकायतों के क्रम में 14 अप्रैल, 2024 को एयर फोर्स एफटीआर ट्रेन के लिए मेडिकल सहायता की मांग आई जिसमें फिजिशियन एवं ट्रेन में ही ईसीजी कराने के बारे में लिखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना ऑन ड्यूटी डॉक्टर को दी गयी तथा निर्धारित समय में डॉक्टर अभिषेक जोशी एवं मेडिकल टीम द्वारा यात्री श्री अविनाश शर्मा की जांच तथा ईसीजी कर दवा दी गई। रेलवे द्वारा ट्रेन में ही उपलब्ध कराई गई इस सुविधा के लिए एयर फोर्स की टीम द्वारा रेलवे के कार्य की प्रशंसा की गई।
मंडल पर शिकायतों का निपटारा करने में काफी सतर्कता बरती जा रही है तथा शिकायतों को शीघ्रता से निपटान करने का कार्य भी किया जा रहा है। चलती ट्रेनों में साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता, एसी की कार्यशीलता, लिनन की उपलब्धता, मेडिकल सहायता जैसी विभिन्न प्रकार की शिकायतों एवं सहायता के लिए तत्पर हैं तथा यात्रियों को शिकायत का अवसर न मिले इसके लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

You missed

error: Content is protected !!