• Thu. Oct 29th, 2026

महिलाओं का यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग करने वाला इंग्लिश कोचिंग संचालक पुलिस की गिरफ्त में, बरसों से कर रहा था ब्लैकमेलिंग

BySurendra Jain

Apr 10, 2024

खबर पक्की, 10 अप्रैल, रतलाम। इंग्लिश सिखाने के नाम पर महिलाओं को अपने प्रभाव में लेकर उनका यौन शोषण करना और स्पाई कैमरे से महिलाओं के आपत्तिजनक फोटो विडीयो बनाकर उन्हे ब्लैकमेल करना। शहर के अस्सी फीट रोड पर विजन इंग्लिश कोचिंग क्लास संचालित करने वाले संजय पोरवाल का यही काम था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। संजय अब तक दस से ज्यादा महिलाओं को अपना शिकार बनाकर उनका यौन शोषण करने के साथ साथ लाखों रुपए की वसूली भी कर चुका है।
पुलिस अधीक्षक राहूल कुमार लोढा ने पुलिस कंट्रोल रुम पर आयोजित प्रेस वार्ता में इस ब्लैकमैलर की पूरी कहानी बताई। एसपी श्री लोढा ने बताया कि मंगलवार को एक महिला शिकायतकर्ता पुलिस के पास पंहुची थी,जिसने पुलिस को अपनी व्यथा कथा बताई। उसने बताया आरोपी संजय पिता मोहन लाल पोरवाल 40 निवासी 130 बी दीनदयाल नगर द्वारा लम्बे समय से उसका शारीरीक शोषण किया जा रहा है और उसके आपत्तिजनक फोटो विडीयो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया जा रहा है। बदनामी के डर से इसका कोई भी शिकार पुलिस में रिपोर्ट करने से डरता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्री लोढा ने एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन और सीएसपी अभिनव वारंगे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी संजय पोरवाल के अस्सी फीट रोड स्थित कोचिंग क्लास विजन कोचिंग सेन्टर पर छापा मारा। पुलिस को यहां से अलग अलग कम्पनियों के 10 मेमोरी कार्ड,एक पैन ड्राइव,4 यूएसबी डाटा स्टोर,लैपटाप तो मिला ही,शराब की बोटलें,महिलाओं के अन्तर्वस्त्र और अन्य कपडे भी मिले।
मोबाइल में मिले सैकडों अश्लील विडीयो
एसपी श्री लोढा ने बताया कि आरोपी संजय के मोबाइल की गैलरी में ही पुलिस को करीब साढे चार सौ ऐसे विडीयो मिले है,जिन्हे स्पाई कैमरों से शूट किया गया है। आरोपी संजय जिन महिलाओं को अपना शिकार बनाता था,उनका शारीरिक शोषण करने के समय स्पाई कैमरों से उनके विडीयो भी बना लेता था। आरोपी के कब्जे से जब्त मैमोरी कार्ड्स और लैपटाप आदि की जांच होना अभी बाकी है।
ब्लैकमेलिंग से लाखों रु. की वसूली
एसपी श्री लोढा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हुई जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय पोरवाल जिन महिलाओं को शिकार बनाता था उनसे लाखों रु. की वसूली कर चुका है। पुलिस के पास पंहुची शिकायतकर्ता से ही वह साढे चार- पांच लाख रु. वसूल कर चुका है। उसके द्वारा शिकार बनाई गई महिलाओं में अविवाहित युवतियों के साथ विवाहित महिलाएं भी शामिल है।
बारह सालों से कर रहा है ब्लैकमेलिंग
एसपी श्री लोढा ने बताया कि आरोपी महिलाओं को शिकार बनाने का काम पिछले कम से काल बारह वर्षों से कर रहा है। उसके द्वारा पूर्व में डांस क्लास चलाने की जानकारी भी सामने आई है। डांस क्लास में आने वाली युवतियों और महिलाओं को भी वह अपना शिकार बना लेता था। एसपी श्री लोढा के मुताबिक डांस और इंग्लिश के नाम पर महिलाएं उससे प्रभावित हो जाती थी। ऐसी महिलाओं से पहले तो वह दोस्ती गांठ लेता था और फिर उन्हे अपनी बातों में फंसा कर उनसे शारीरिक सम्बन्ध बना लेता था।
शादीशुदा और बाल बच्चेदार है आरोपी
एसपी श्री लोढा ने बताया कि चालीस वर्षीय संजय पोरवाल शादीशुदा होकर उसके दो बच्चे भी है। इसके बावजूद वह महिलाओं और युवतियों को अपना शिकार बनाने के काम में लगा रहता था। एसपी ने बताया कि अभी तक की जांच में उसके द्वारा किसी नाबालिग युवती को अपना शिकार बनाए जाने की बात सामने नहीं आई है। यदि आगे जांच में ऐसे तथ्य सामने आते है तो सुसंगत धाराएं बढाई जाएगी। उन्होने बताया कि फिलहाल आरोपी संजय पोरवाल के खिलाफ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
सराहनीय भूमिका
महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक अर्जुन सेमलिया,एसआई देवीलाल पाटीदार,प्र.आर.अर्चना बाथरी,आरक्षक रोशन,बिलर,पवन जाट,पूजा चौहान,नवीन जोट,संजय और राजूलाल आदि की भूमिका सराहनीय रही।

You missed

error: Content is protected !!