खबर पक्की, 2 अप्रैल, रतलाम। गौशाला रोड राजेंद्र नगर रहवासी क्षेत्र में शराब की दुकान हटाने को लेकर दूसरे दिन मंगलवार को भी क्षेत्रवासियों ने विरोध किया। दुकान के सामने धूप में क्षेत्र की हिंदू व मुस्लिम महिलाएं धरने पर बैठ गई। हाथों में शराब की दुकान बंद करो की तख्तियां लेकर नारेबाजी की। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला चक्कर आने के कारण एक अचेत हो गई। महिला का रोजा भी था। पानी के छीटे डालने पर होश आया। महिलाओं ने लोकसभा चुनाव में वोट नहीं देने की भी चेतावनी दे डाली।
विरोध को देखते हुए क्षेत्रीय पार्षद रणजीत टाक भी पहुंचे। क्षेत्रवासियों के साथ खड़े रहे। जिस स्थान पर शराब की दुकान खोली गई है उससे 50 मीटर की परिधि में हनुमान जी का मंदिर होकर पास में पीपल का भी पेड़ है। पेड़ पर दशा माता की पूजा करने भी बड़ी संख्या में महिलाएं आएगी। दुकान के सामने की तरफ मस्जिद भी है। ऐसे में हिंदू-मुस्लिम समाज के लोग शराब की दुकान का विरोध कर रहे है।
धरने पर बैठी महिलाओं का कहना था कि धार्मिक स्थलों के पास शराब दुकान खोलने का क्या औचित्य है। प्रशासन को सोमवार को दुकान का ताला लगाकर चाबी सौंपी तो उल्टा उन्होंने दुकानदार को चाबी दे दी। वापस दुकान खुल गई। कल से कोई घटना होती है तो उसका जिम्मेदार कौन होगा। पार्षद टाक ने बताया कि जिला प्रशासन से लेकर आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंप समस्या बताई जा चुकी है। जनता ने चुना है तो साथ में खड़े रहना पड़ेगा। संगठन स्तर पर जानकारी दी है।
दोपहर बाद पहुंचे तहसीलदार
दिनभर धूप में महिलाएं व नागरिक दुकान के सामने बैठे रहे। लेकिन कोई अधिकारी नहीं आया। जब चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी तो 4 बजे करीब तहसीलदार ऋषभ ठाकुर पहुंचे। उन्होंने रहवासियों से बातचीत की। 4 दिन में दुकान अन्यंत्र स्थान पर स्थापित करने की बात कही। लेकिन रहवासियों व पार्षदों ने दो दिन में ही दुकान हटाने की मांग करने लगे। तब तहसीलदार ने उन्हें समझाया कि भोपाल स्तर से कार्रवाई होगी। उसी के बाद दुकान हट जाएगी। दशा माता पूजन वाले दिन भी पुलिस तैनाती की बात कही। इसके बाद रहवासी माने।
शराब दुकान हटाने के लिए दूसरे दिन भी हुआ विरोध : दुकान के सामने घंटों धूप में बैठी रही महिलाएं, लोकसभा चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी
