• Thu. Oct 29th, 2026

रहवासी क्षेत्र में शराब दुकान खोलने का विरोध : महिलाओं ने दुकान पर लगाया ताला, आबकारी अधिकारी को सौंपी चाबी तो फिर खुल गई दुकान, कैबिनेट मंत्री को भी शिकायत

BySurendra Jain

Apr 1, 2024

खबर पक्की, 1 अप्रैल, रतलाम। राजेंद्र नगर गौशाला रोड रहवासी क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने पर रहवासियों ने सोमवार को विरोध जताया। हिंदु व मुस्लिम महिलाओं के साथ क्षेत्रवासी सड़क पर उतर आए। जाम लगा दिया। विरोध बढ़ता देख डीडी नगर पुलिस से बल पहुंचा। लोगों को समझाया तभी महिलाओं ने दुकान पर ताला लगा दिया। कलेक्टर से भी मिलने रहवासी कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां पर आबकारी अधिकारी को बंद दुकान की चाबी सौंप दी। कुछ देर बाद अधिकारियों ने दुकान खुलवा दी। इससे क्षेत्रवासियों में रोष है।
जिस स्थान पर शराब की दुकान खोली गई है उससे 50 मीटर की परिधि में हनुमान जी का मंदिर होकर पास में पीपल का भी पेड़ है। सामने की तरफ मस्जिद भी है। ऐसे में हिंदू-मुस्लिम समाज के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। महिलाओं का कहना था कि जिस स्थान पर दुकान खोली जा रही है वह स्कूल बस का स्टॉप भी है। पीपल के पेड़ पर पूजा के लिए प्रतिदिन महिलाएं आती है। इस रास्ते पर आने-जाने के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। विरोध की सूचना पर कांग्रेस पार्षद शांतिलाल वर्मा व क्षेत्रीय पार्षद रणजीत टाक भी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों से बात की। तब अधिकारियों ने कहा कि कलेक्टर के पास जाओ। तब महिलाओं ने दुकान पर ताला लगा दिया।
कलेक्टोरेट पहुंच सौंपी चाबी
सभी लोग कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां पर टीएल की बैठक चलने के कारण काफी देर बाद नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय आए। रहवासियों की समस्या सुनी। रहवासियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर चाबी देने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने चाबी नहीं ली और आबकारी अधिकारियों को सूचना देकर बुलाने को कहा। इसके बाद आबकारी विभाग के सब इंस्पेक्टर पुष्पराजसिंह आए। रहवासियों ने ज्ञापन की एक कॉपी उन्हें सौंप दुकान की चाबी सौंप दी। ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने पर क्षेत्र की शांति भंग होगी। असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होगा। अगर दुकान अन्यंत्र स्थापित नहीं होती है तो विरोध बड़े स्तर पर किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री के निवास पर पहुंचे
कलेक्टोरेट के बाद रहवासी कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप के निवास पर पहुंचे। रतलाम से बाहर होने के कारण उनके निज सचिव को उनके कार्यालय पर ज्ञापन सौंप समस्या बताई।
गांधीनगर के रहवासियों ने भी की शिकायत
शहर के गांधीनगर चौराहे पर शराब की दुकान खोली गई है। इसका विरोध भी रहवासी कर रहे है। सोमवार दोपहर क्षेत्र के रहवासियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपकर शिकायत की है।
दुकान संचालन के पक्ष में दिखे सहायक आयुक्त आबकारी
इस पूरे मामले में सहायक आयुक्त आबकारी दुकानदार के पक्ष में दिखे। यहां तक रहवासियों ने चाबी भी आबकारी अधिकारियों को सौंपी थी। लेकिन कुछ ही देर में चाबी दुकानदार को सौंपकर दुकान खुलवा दी गई।
सहायक आयुक्त आबकारी शादाब सिद्धीकी का कहना है नए वित्तीय वर्ष में नई लाइसेंसधारी द्वारा नवीन स्थल पर दुकान आरंभ की है। कतिपय नगरवासियों द्वारा आपत्ति जताई है। जिसका संज्ञान लेकर जांच के अधीन लिया है। आबकारी अधिनियम के अनुरुप दुकान संचालित की है। दुकान नियमानुसार खोली है। लाइसेंसधारी दुकान है। किसी भी व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत रुप से ताला नहीं लगाया जा सकता। दुकान की 100 मीटर की परिधि में कोई धार्मिक स्थल होता है तो दुकान संचालित नहीं की जाती है। निर्देश है कि धार्मिक स्थल रजिस्टर्ड होना चाहिए। यदि वह रजिस्टर्ड है तो वहां दुकान संचालित नहीं की जाना चाहिए।

You missed

error: Content is protected !!