खबर पक्की, 30 मार्च, रतलाम। जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा गुंडे-बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक, रासुका व जिलाबदर की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अब प्रशासन ने गुंडे-बदमाशों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाना भी शुरू कर दिया है।नामली क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपित व आजाद गैंग के लीडर राहुल जाट निवासी सैलाना के सैलाना नगर के बायपास पर सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन के दल ने शनिवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस दौरान उसके आफिस व आफिस के आसपास बनी दुकानों को तोड़ा गया।
मामला यह है कि 29 वर्षीय केशव गुर्जर निवासी ग्राम सेमलिया व 30 वर्षीय गजेंद्र डोडिया उर्फ गज्जू निवासी ग्राम अमलेटा की 21 मार्च की मित्र कुलदीप जाट के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर बाइक से नगड़दा-बांगरौद मार्ग से कहीं जा रहा थे। तभी कुछ लोगों ने घेराबंदी कर उनकी बाइक को कार से टक्कर मार दी थी। इसके बाद दोनों की फावड़े, गेंती के हत्थे आदि से मारपीट कर हत्या कर दी थी।
हत्या करने के बाद मामले को सड़क दुर्घटना बताने के लिए दोनों के शव एक कार में तथा उनकी क्षतिग्रस्त बाइक दूसरी कार में रखकर घटनास्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर महू-नीमच हाईवे पर कांडरवासा फंटे के पास फेंककर भाग गए थे।पुलिस ने जांच की तो पता चला कि जेल में हुई मारपीट व आपसी विवादों के चलते उनकी हत्या की गई थी और साजिश रचने व हत्या करने में 21 आरोपित शामिल है।
इसके बाद पुलिस ने आरोपित राहुल जाट निवासी रामगढ़ (सैलाना), सूर्यपालसिंह पडिय़ार व बबलू गुर्जर निवासी बिबडौ़द, शैलेंद्र डिंडोर उर्फ शेलू, अंकित कुमावत व योगेश सोनावा निवासी नामली तथा अभिषेक जाट निवासी धमोत्तर को गिरफ्तार किया था। बाद में सातों को जेल भेज दिया गया। वहीं शेष 14 आरोपितों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
प्रशासन व पुलिस की टीमों ने दो दिन पहले आरोपितों के अवैध निर्माणों की जांच कर उनके मकानों की नपती की। पुलिस के अनुसार आरोपित राहुल जाट लिस्टेड गुंडा होकर उसके खिलाफ छह आपराधिक प्रकरण दर्ज है। वह आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ मिलकर अपराध करता है। उसके खिलाफ जिलाबदर का प्रकरण भी पेश किया गया था, जो विचाराधीन है।
दो घंटे चली कार्रवाई
सैलाना एसडीएम मनीष जैन, एसडीएम नीलम बघेल,नगर परिषद सीएमओ अनिल कुमार शुक्ला, थाना प्रभारी अय्यूब खानके नेतृत्व में दल सैलाना बायपास स्थित राहुल जाट के आफिस के पास जेसीबी लेकर पहुंचा और अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। करीब दो घंटे चली कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलाकर उसका आफिस व आसपास बनी दुकनों को ध्वस्त कर दिया गया।
आफिस से करता था गैंग संचालित
सैलाना एसडीएम मनीष जैन व एसडीओपी नीलम बघेल ने मीडिया को बताया कि राहुल जाट शातिर अपराधी होकर हिस्ट्रीशीटर है, उसके खिलाफ कई प्रकरण दर्ज है और दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपित है। उसके द्वारा बायापास पर अड्डा बनाकर गैंग संचालित की जा रही थी। उसके अवैध निर्माण को चिह्नित कर तोड़ दिया गया है। राहुल जाट ने जहां अवैध निर्माण कर कब्जा कर रखा था, वहां ब्लैट स्पाट है। पास में हाईटेंशन लाइन भी जा रही है। ब्लैक स्पाट होने से वहां एक्सीडेंट भी होते थे।
चला प्रशासन का बुलडोजर, हत्या के आरोपित का अवैध निर्माण किया ध्वस्त
