• Thu. Oct 29th, 2026

जिले में आदर्श आचरण संहिता को प्रभावी रूप से लागू किया जाए, कलेक्टर श्री बाथम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

BySurendra Jain

Mar 16, 2024

खबर पक्की, 16 मार्च, रतलाम। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 की घोषणा के साथ जिले में भी आदर्श आचरण संहिता लागू कर दी गई। सभी अधिकारी आदर्श आचरण संहिता प्रभावी रूप से पालन कराना सुनिश्चित करें। जिले में आचरण संहिता शत प्रतिशत रूप से लागू किया जाए। उक्त निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेश बाथम ने शनिवार शाम लोकसभा निर्वाचन के लिए नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों की बैठक में दिए। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राहुल लोढ़ा, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. मंडलोई, जिले के सभी एसडीएम आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के कार्यक्रम की चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि जिले में लोकसभा निर्वाचन स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया जाना है जिसके लिए अधिकारी गंभीरता के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे। निर्वाचन कार्य में तैनात अधिकारी, कर्मचारी निष्पक्ष रूप से कार्य करेंगे और निष्पक्ष दिखेंगे भी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के साथ ही संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत अधिकारी तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य संपन्न करें। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि राजस्व अधिकारी पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त भ्रमण करते हुए कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। मतदान केंद्रों का भ्रमण करते हुए समस्त व्यवस्थाओं के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। निर्वाचन के तहत गठित किए गए फ्लाइंग स्क्वाड, स्थैतिक, निगरानी दल सक्रियता के साथ अपने कार्य को अंजाम दे। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्वीप गतिविधियों, राजनीतिक दलों को दी जाने वाली विभिन्न अनुमतियों तथा अन्य बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

You missed

error: Content is protected !!