• Thu. Oct 29th, 2026

रतलाम में दो दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का शुभारंभ हुआ

BySurendra Jain

Mar 6, 2024

खबर पक्की, 6 मार्च, रतलाम। महू नीमच रोड स्थित कृषि उपज मंडी में आत्मा तथा मिलेट मिशन अंतर्गत जिला स्तरीय दो दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का शुभारंभ बुधवार को हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर थे। कार्यक्रम में प्रदीप उपाध्याय, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार, जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, ललित पालीवाल, हरिराम शाह, रामसिंह सिसोदिया, अध्यक्ष कृषि स्थाई समिति जनपद पंचायत सुरेश पाटीदार, उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलम सिंह चौहान, आत्मा परियोजना संचालक निर्भयसिंह नर्गेश, सहायक संचालक उद्यानिकी त्रिलोकचंद वास्कले तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रदर्शनी तथा मृदा जागरूकता के साथ किसान सम्मेलन भी आयोजित हुआ विभिन्न विभागों द्वारा अपनी प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम को विधायक मथुरालाल डामर ने संबोधित करते हुए कहां कि आज किसानों को भरपूर मात्रा में बिजली मिल रही है, सिंचाई का रकबा बढ़ गया है, किसानों के चेहरे पर चमक है। प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि मिल रही है, किसान क्रेडिट कार्ड के फायदे मिल रहे हैं। शासन द्वारा सबका साथ सबका विकास किया जा रहा है। श्री प्रदीप उपाध्याय ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र तथा राज्य शासन किसान हित में लगातार योजनाओं का संचालन कर रहा है। किसानों का उत्थान ही शासन का ध्येय है। श्री हरिराम शाह ने कहा कि कृषि मेला किसानों के लिए लाभदायक होगा, शासन लगातार किसान हित में कार्य कर रहा है।
प्रथम दिवस किसान मेले में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा उन्नत खेती की तकनीकी सलाह, मृदा जागरूकता तथा प्राकृतिक खेती के संबंध में जानकारी दी गई। परियोजना संचालक आत्मा द्वारा प्राकृतिक खेती एवं मिलेट मिशन अंतर्गत ज्वार, रागी, बाजरा कोदो, कुटकीय जैसे मोटे अनाजों के बीजों का प्रदर्शन किया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा एक जिला एक उत्पाद अंतर्गत रियावन लहसुन फसल का प्रदर्शन किया गया जिसे हाल ही में जिओ टैग प्राप्त हुआ है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा जैविक रूप से मूर्तियां बनाने की कला का प्रदर्शन किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य प्रजातियां तथा महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि द्वारा अपनी योजनाओं के संबंध में स्टाल लगाकर प्रदर्शन किया गया।
मेले में कृषि विज्ञान केंद्र कालूखेड़ा द्वारा कृषि तकनीकों का प्रदर्शन करने के साथ ही निजी कंपनियों द्वारा खाद एवं दवाई के स्टॉल का प्रदर्शन किया गया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कृषक सुनील जाट निवासी सरवनियाखुर्द को नाबार्ड प्रबंधन हेतु एस्ट्रा रीपर अनुदान पर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री दुर्गेश सिरोलिया ने किया।

You missed

error: Content is protected !!