• Thu. Oct 29th, 2026

कलेक्टर लाक्षाकार की पहल पर बनाया गया परख ऐप, अधिकारियों के फील्ड निरीक्षण को गुणवत्ता के साथ प्रभावी बनाएगा, प्रदेश में पहली बार रतलाम जिले में फील्ड निरीक्षण की मॉनिटरिंग मोबाइल ऐप के माध्यम से

BySurendra Jain

Mar 5, 2024

खबर पक्की, 5 मार्च, रतलाम। कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार के निर्देश पर प्रभावी निरीक्षण व्यवस्था हेतु परख ऐप बनाया गया है। यह मोबाइल ऐप जिले में मैदानी स्तर पर अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण को गुणवत्ता के साथ प्रभावी बनाएगा। ऐप द्वारा अधिकारियों के निरीक्षण कार्य की मॉनिटरिंग और प्रभावी रूप से की जा सकेगी। रतलाम मध्यप्रदेश का पहला जिला है जहां अधिकारियों के निरीक्षण कार्य की मॉनिटरिंग मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी।
कलेक्टर श्री लाक्षाकार के सतत् निर्देशन में परख ऐप को जिला एनआईसी अधिकारी नरेन्द्रसिंह चौहान तथा उनकी टीम द्वारा तैयार किया गया है। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर अपने अधीनस्थ कार्यालयों के निरीक्षण किए जाते हैं। निरीक्षण के फोटोग्राफ, रियल टाइम मॉनिटरिंग, लाइव लोकेशन के साथ निरीक्षण टीप तथा प्रश्नावली की जानकारी परख ऐप में प्रविष्ट रहेगी। ऐप अधिकारियों के निरीक्षण की रियल टाइम मॉनिटरिंग करेगा। ऐप द्वारा निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर किया जा सकेगा। वर्तमान में जिला अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण की मॉनिटरिंग ऑफलाइन होती है जिससे निरीक्षण की निगरानी तथा कार्य का मूल्यांकन तत्काल करना संभव नहीं हो पाता था, ऑफलाइन निरीक्षण के फोटोग्राफ भी संग्रहित नहीं हो पाते थे लेकिन अब परख ऐप उक्त कमियों को दूर कर सकेगा। अभी जिले के तीन विभागो शिक्षा, महिला बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को ऐप पर लाइव किया जा चुका है, शीघ्र ही शेष विभागों को भी लाइव कर दिया जाएगा।
परख ऐप के माध्यम से हरएक विभाग की माइक्रो मॉनिटरिंग की जा सकेगी जिससे प्रशासनिक कसावट आएगी, कार्यों में ढीलपोल नहीं रहेगी। ऐप में प्रत्येक विभाग के पृथक-पृथक मॉड्यूल हैं, ऐप का लॉगिन और पासवर्ड सुरक्षित है। सभी अधिकारियों के मोबाइल में डाउनलोड करवाया जा रहा है जिससे निरीक्षण की लाइव रिपोर्ट मिल सकेगी। ऐप में विभिन्न बिंदुओं पर रिपोर्ट मिलेगी, निरीक्षण की गई जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत, विभाग, समय आदि प्रत्येक बिंदु क्लियर हो सकेगा।

You missed

error: Content is protected !!