खबर पक्की, 1 मार्च, रतलाम। क्षेत्र के चंहुमुखी विकास में सहभागिता के लिए मेसर्स एसएमओ फेरो अलॉयज प्रालि. की मेघनगर व शिवगढ़ में लगने वाली दो नवीन इकाइयों का भूमिपूजन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्चुअल रूप से विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। 615 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले इन उद्योगों की आधारशिला रखते हुए मुख्यमंत्री ने औद्योगिकरण को विकास का अनिवार्य अंग बताया तथा ऐसे रोजगारोन्मुखी उद्योगों को पूरी तरह सहयोग व संरक्षण प्रदान करने की बात कही।
भूमिपूजन समारोह की मुख्य अतिथि प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया थीं। अध्यक्षता रतलाम-झाबुआ क्षेत्र के सांसद श्री गुमानसिंह डामोर ने की। भाजपा जिलाध्यक्ष भानुजी भूरिया, भाजपा महामंत्री गौरव खंडेलवाल, नगर परिषद् अध्यक्ष कमलेश मचार अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
भूमिपूजन समारोह में शामिल अतिथियों ने कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सैयद अख़्तर अली, डायरेक्टर सैयद मोहब्बत अली तथा युवा उद्यमी सैयद ओवैस अली व सैयद मुर्तुज़ा अली के सार्थक प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि समग्र विकास में सहभागिता के लिए उद्योग लगाए जाने जरूरी हैं। इन उद्योगों से लोगों को रोजगार मिलता है व इलाके की दशा व दिशा बदलती है। दूर-दराज के, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में लगने वाले इन उद्योगों को संबल पहुंचाना हमारी आवश्यकता है।
प्रशासनिक अधिकारी तनवी हुड्डा, जिला पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल, भाजपा जिला महामंत्री गौरव खंडेलवाल, पूर्व विधायक कलसिंह थावर, थांदला एसडीएम सत्यनारायण दर्रो, एमपीआईडीसी के नोडल अधिकारी जितेंद्र बैस सहित तहसीलदार विजेंद्र कटारे व एमपीआईडीसी के प्रकाश पांचाल भी समारोह के सहभागी रहे।
बताते चलें कि मप्र. औद्योगिक विकास निगम द्वारा विकसित झाबुआ जिले के मेघनगर औद्योगिक क्षेत्र में एसएमओ फेरो अलॉयज प्रालि. की इकाई 415 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जा रही है। इस इकाई के माध्यम से 200 लोगों को रोजग़ार प्राप्त होगा। ग़ौरतलब है कि संस्थान द्वारा रतलाम जि़ले की सैलाना तहसील के शिवगढ़ में भी एक इकाई स्थापित जा रही है। उसका भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्चुअली किया गया। यह इकाई 200 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से 150 लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा।

