खबर पक्की, 29 फरवरी, रतलाम। सैलाना बस स्टैंड स्थित प्याज व लहसुन मंडी में लहसुन की बंपर आवक हो रही है। लगातार आवक के कारण मंडी में पर्याप्त जगह नहीं है। उपज लेकर आने वाले किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार गुरुवार को अधिकारियों के साथ मंडी पहुंचे। व्यवस्थाओं को देखा। किसानों से भी चर्चा की।
कलेक्टर ने मंडी के अधिकारियों को कहा कि आवक ज्यादा है तो किसानों को टोकन व्यवस्था कर दी जाए। मंडी के बाहर खड़े लहसुन से भरे वाहनों को मंडी में जगह करवाकर खड़े करवाने को मंडी प्रभारी राजेंद्र व्यास को कहा। कृषि उपज मंडी में आ रहे वाहनों को लेकर भी जानकारी कलेक्टर ने मंडी अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि समय पर नीलामी कराकर उपज के प्लेटफार्म खाली कराए जाए। ताकि किसानों को भी जगह मिल सके। समय पर वह अपने वाहन मंडी के अंदर ले सके। कलेक्टर ने मंडी में आ रही आवक को लेकर मंडी के अधिकारियों से जानकारी ली। ज्यादा वाहन एक साथ आने पर वाहनों को कृषि उपज मंडी में खड़े करवाने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि वहां पर गेहूं व प्याज की आवक के कारण जगह नहीं है। प्रतिदिन 400 से 500 वाहन वहां आ रहे है। कलेक्टर ने राजीव गांधी सिविक सेंटर में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था देखने को कहा। कलेक्टर ने किसानों से भी चर्चा कर व्यवस्थाओं को जाना। कलेक्टर ने नीलामी के बाद होने वाले भुगतान को लेकर किसानों से बातचीत की। किसानों ने मंडी में सफाई का अभाव बताया। कलेक्टर के साथ एसपी राहुल कुमार लोढ़ा, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी अनिलराय भी साथ थे।
कलेक्टर ने बताया कि मंडी में आवक ज्यादा है। व्यवस्थाओं को देखा है। किसानों व व्यापारियों से भी चर्चा की है। ताकि किसी को भी परेशानी ना हो। रोड पर खड़े वाहनों को लेकर मंडी अधिकारियों को टोकन व्यवस्था कर प्रवेश देने की व्यवस्था करने को कहा है। ताकि किसी प्रकार से कोई परेशानी ना हो।
शाम होते-होते लग जाता है जाम
सैलाना बस स्टैंड स्थित प्याज व लहसुन मंडी में प्याज की आवक के कारण सुबह से वाहनों की लाइन मंडी के बाहर लग जाती है। शाम होते-होते मंडी गेट से लेकर पावर हाउस रोड व दो बत्ती तक वाहन खड़े हो जाते है। इस कारण इस रोड पर प्रतिदिन जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इस कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरस्त करने को कहा है।

