• Thu. Oct 29th, 2026

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार पर एफआईआर : रतलाम में मेडिकल स्टोर संचालक से एक करोड़ रुपए मांगने का आरोप

BySurendra Jain

Feb 29, 2024

खबर पक्की, 29 फरवरी, रतलाम। रतलाम में मेडिकल स्टोर संचालक से एक करोड़ रुपए मांगने के आरोप में घिरे सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार पर प्रकरण दर्ज हुई है। गुरुवार शाम को सैलाना थाने में विधायक डोडियार के खिलाफ पुलिस ने वसूली समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। मामला रतलाम जिले के बाजना का है। जहां तपन राय नाम के एक मेडिकल स्टोर संचालक ने विधायक कमलेश्वर डोडियार पर एक करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया था। वे 24 फरवरी को एसपी राहुल लोढ़ा से शिकायत करने पहुंचे थे।
रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया- फरियादी तपन राय ने सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार पर एक करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच एसडीओपी सैलाना को दी गई थी। उसमें जो तथ्य सामने आए है, उसके हिसाब से मामला दर्ज किया गया है। ये मामला गैर जमानती धाराओं में दर्ज किया गया है। जिसमें 10 साल की सजा का प्रावधान है। इस मामले में गिरफ्तारी कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।’
3 घंटे तक मेडिकल संचालक की दुकान पर बैठे रहे विधायक
सैलाना एसडीओपी इडला मौर्य ने बताया- जांच में सामने आया कि विधायक कमलेश्वर डोडियार बाजना में 3 घंटे तक मेडिकल संचालक की दुकान पर बैठे थे। उसके पहले मेडिकल संचालक को फोन लगाकर सैलाना अपने निवास पर भी बुलाया था। सारे तथ्यों को देखा गया। उसी आधार पर विधायक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
मेडिकल संचालक तपन राय ने ये कहा था..
फरियादी तपन राय रतलाम जिले के बाजना में मां मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि 19 फरवरी को करीब 4 बजकर 10 मिनट पर विधायक साहब का कॉल आया। उन्होंने कहा कि तुम अवैध रूप से मेडिकल चला रहे हो। मुझसे मिलो। नहीं तो ठीक नहीं रहेगा।
उसी दिन मैं उनसे मिलने गया। उनके गार्ड ने मेरी चेकिंग कर मोबाइल बाहर ही रख लिया। मैं अंकल को साथ ले गया था, लेकिन उन्हें बाहर कर दिया। मुझसे पूछा गया कि क्या डिग्री है। मैंने कहा कि फार्मासिस्ट हूं, तब उन्होंने (विधायक) कहा कि मेरे क्षेत्र में रहने नहीं दूंगा। उन्होंने धीरे से इशारा किया, कितने दे सकते हो।
उन्होंने मुझे 1 करोड़ रुपए देने को कहा। आज (शुक्रवार) मेरे मेडिकल स्टोर पर आकर बैठ गए। मुझे कहा कि हमारे विधायक प्रतिनिधि दशरथ डिंडोर को बात करने के लिए भेजा था, उनसे बात क्यों नहीं की। मौका दिया तो नौबत यहां तक नहीं आती। जाते-जाते कहते गए कि तेरे को जेल भेजकर मानूंगा।
विधायक ने कहा था- 30 साल से अवैध प्रैक्टिस कर रहा मेडिकल संचालक
23 फरवरी को विधायक कमलेश्वर डोडियार बाजना पहुंचे। तीन घंटे तक मेडिकल दुकान पर बैठे रहे। स्वास्थ्य अधिकारियों को बुलाया। बाजना बीएमओ पहुंचे। पंचनामा बनाया। इसके बाद सभी चले गए।
एक डॉक्टर के पास एमबीबीएस, बीएचएमएस और क्लिनिकल का लाइसेंस होना चाहिए। जो व्यक्ति मुझ आरोप लगा रहा है, वह पिछले 30 साल से बाजना में अवैध रूप से प्रैक्टिस कर रहा है। अवैध रूप से गर्भपात कर रहा है। गरीब लोगों को ठगता है।
मेरे द्वारा पूर्व में सीएमएचओ को दुकान सील करने का पत्र भी लिखा है। बाजना क्षेत्र में 3 हजार बंगाली झोलाछाप है, जिनका यह नेता है। यह खुद मेरे पास 20 लाख रुपए लेकर आया था। काम करते रहने को कहा था, तब मैंने कहा कि 1 करोड़ भी देगा तो नहीं लूंगा। जो आरोप लगाए वह गलत हैं।
मेडिकल स्टोर संचालक ने कहा था- मैं बिक जाऊं तब भी नहीं दे पाऊंगा
तपन राय का कहना था कि पिछले 30 साल से मेडिकल स्टोर का संचालन नियमानुसार कर रहा हूं। मेरे पास फार्मासिस्ट की डिग्री है और मेडिकल स्टोर का भी लाइसेंस है। विधायक द्वारा सैलाना के उनके सरकारी आवास पर बुलाया गया। पूछा गया कि क्या-क्या डिग्री है। आदिवासियों के साथ लूटपाट करता है। उन्होंने कहा कि मुझे सांसद का चुनाव लडऩा है। 10 करोड़ रुपए लगेंगे। एक कागज पर 1ष्ह्म् (1 करोड़) लिखकर दिया, तब मैंने कहा कि मैं खुद को बेच दूं, तब भी इतने रुपए नहीं दे पाऊंगा। तब उन्होंने कहा कि यह तेरी प्रॉब्लम है। तू जेल जाने के लिए तैयार रह। तपन राय का कहना था कि मैं आगे होकर विधायक से क्यों मिलने जाऊंगा। 20 लाख रुपए तो आज तक नहीं कमाए, तो मैं इतने रुपए कैसे उन्हें देने जा सकता हूं।

You missed

error: Content is protected !!