• Thu. Oct 29th, 2026

पूजा पाठ करके गहने दुगुने करने के नाम पर वृद्धा के साथ लाखों की ठगी,पुलिस जाँच में जुटी

BySurendra Jain

Feb 27, 2024

खबर पक्की, 27 फरवरी, रतलाम। जिले के जावरा में एक ठगोरी महिला ने पूजा पाठ करके गहने डबल करने के नाम पर पिपलौदा रोड निवासी सत्तर वर्षीय वृद्धा के लाखों रुपए का चूना लगा दिया। ठग महिला ने पन्द्रह दिनों के भीतर करीब बीस तोले वजनी सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। जावरा की औद्योगिक क्षेत्र पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,जावरा के पिपलौदा रोड स्थित अम्बिका धामेडी हाउस निवासी भेरुलाल पाटीदार 71 की पत्नी श्रीमती संपत बाई आमतौर पर दिन में घर में अकेली रहती है। शांताबाई नामक एक महिला ने संपत बाई को अपनी बातों के जाल में उलझाया और पूजा पाठ करके संपत बाई को गहने दुगुने करने का लालच दिखाया। संपत बाई,ठगोरी शांताबाई की बातों में आ गई और पूजा पाठ करके गहने दुगुने करवाने के लिए तैयार हो गई। आरोपी शांताबाई 7 फरवरी से 23 फरवरी के दौरान कई बार दोपहर के समय संपतबाई के घर आई और इस दौरान हर बार वह नगद रुपए या गहने लेकर जाने लगी।
करीब पन्द्रह दिनों के भीतर वह संपत बाई से करीब एक लाख रु. नगद और बीस तोले सोने के गहने ले गई। इस तरह उसने संपतबाई को लगभग चौदह लाख रु. का चूना लगा दिया। बाद में जब संपत बाई के पति भेरुलाल पाटीदार को इस बात की जानकारी मिली उन्होने पुलिस के पास पंहुच कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पर अज्ञात शांताबाई नामक महिला के खिलाफ धोखाधडी का प्रकरण दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम ने बताया कि पुलिस पूरी तत्परता से मामले को सुलझाने में जुटी है और आरोपी महिला को जल्दी ही तलाश कर लिया जाएगा। उन्होने बताया कि पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जल्दी ही ठग महिला की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

You missed

error: Content is protected !!