• Thu. Oct 29th, 2026

मेडिकल कॉलेज में नशा मुक्ति केंद्र का हुआ शुभारंभ

BySurendra Jain

Feb 8, 2024

खबर पक्की, 8 फरवरी, रतलाम। रतलाम के शासकीय डॉक्टर लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज में नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। नशा मुक्ति केंद्र का वर्चुअल शुभारंभ केंद्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, राज्य मंत्रीगण श्री रामदास अठावले, श्री ए. नारायण स्वामी तथा श्रीमती प्रतिमा भौमिक, सांसद गुमानसिंह डामोर द्वारा किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार, समाजसेवी गोविंद काकानी, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर जितेंद्र गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. आनंद चंदेलकर, उपसंचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा, चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. प्रदीप मिश्रा, मनो रोग विशेषज्ञ एवं नोडल अधिकारी डॉ. गौरव चित्तौड़ा, प्रोफेसर तथा मनोरोग विभाग के प्रमुख डॉ. कपिल देव आर्य द्वारा भी औपचारिक रूप से फीता काटा गया।
इस अवसर पर अपने उदबोधन में कलेक्टर श्री लाक्षाकार ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र नशे के व्यसन से ग्रस्त लोगों को नशा मुक्ति अच्छे जीवन की ओर ले जाने में निश्चित रूप से मदद करेगा। न केवल रतलाम जिला बल्कि आसपास के जिलों के व्यक्ति इस केंद्र से लाभान्वित होंगे। नशे की व्याधि से ग्रस्त व्यक्तियों को सहानुभूति के साथ समुचित देखभाल और उपचार मिल सकेगा।
मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि भारत के प्रमुख 41 जिलों में नशा मुक्ति केंद्र संचालित है, इनमें अब रतलाम भी सम्मिलित हो गया है। उन्होंने बताया कि तात्कालिक रूप से ओपीडी सेवाएं प्रारंभ कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज में आईपीडी की सुविधा पहले से उपलब्ध है। केंद्र पर एम्स तथा सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से आवश्यक अधोसंरचना समस्त प्रकार की आवश्यक दवाइयां तथा मानव संसाधन मिलने से परामर्श तथा चिकित्सा संबंधी सभी सेवाएं उपलब्ध रहेगी। समाजसेवी श्री गोविंद काकानी ने रतलाम जिले के रोगियों के लिए नशा मुक्ति केंद्र की उपलब्धता को महत्वपूर्ण निरूपित किया। सीएमएचओ डॉ. चंदेलकर ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र की उपलब्धता से रतलाम की लंबे समय से मांग की पूर्ति हो गई है।
इस अवसर पर उपस्थित व्यक्तियों द्वारा नशा मुक्ति का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकगण, डीपीएम डॉक्टर अजहर अली, सामाजिक न्याय विभाग के डॉ. आनंद साकरकर, आयुषी पालीवाल, दिलीप सिसोदिया, संदीप कटारिया आदि मौजूद रहे। संचालन डॉक्टर प्रेरणा निगवाल ने किया। आभार डॉक्टर गौरव चित्तौड़आ ने माना।

You missed

error: Content is protected !!