खबर पक्की, 1 फरवरी, रतलाम। दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर रतलाम के ईश्वर नगर रेलवे क्रॉसिंग गेट 81 पर बुधवार रात बड़ा हादसा टल गया। यहां तैनात रेलवे गेटमैन शराब पीने के बाद क्रासिंग गेट बंद करना भूल गया। इस दौरान ट्रेनों का परिचालन जारी रहा।
खुले गेट में दोनों ओर से ट्रेनों की आवाजाही होते देख क्षेत्रीय रहवासियों ने व्यवस्था संभाली और रेल प्रशासन को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद मौके पर आए रेल अधिकारियों ने गेटमैन को कैबिन से नीचे बुलाया और वैकल्पिक इंतजाम किए।
मालूम हो कि दिल्ली-मुंंबई रेललाइन पर हर दो मिनट में मालगाड़ी, यात्री ट्रेनों का परिचालन होता है। ईश्वर नगर क्रासिंग के दोनों ओर रहवासी इलाका है, इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण भी इसी मार्ग से देर रात तक आवागमन करते हैं।
रहवासी आसीफ शाह ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे दोनों लाइन पर आमने-सामने ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक खुला दिखने पर गेटमैन को सूचना देने की कोशिश की। रहवासी गेट के कैबिन पर गए तो गेटमैन वहां शराब पीते मिला। करीब एक घंटे बाद रेल अधिकारी आए। मामले में रेल मंडल रतलाम के जनंसपर्क अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इस संबंध में रेलप्रशासन कार्रवाई कर रहा है।

