• Thu. Oct 29th, 2026

जानलेवा हमले के आरोपितों का निकाला जुलूस, कान पकड़ कर बोले गुंडागर्दी करना पाप है

BySurendra Jain

Feb 1, 2024

खबर पक्की, 1 फरवरी, रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के मेहता जी का वास में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक व उसके साथियों द्वारा युवती के पिता पर हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को पुलिस गुरुवार की दोपहर थाना परिसर से पैदल जुलूस के रूप में घटना स्थल और आरोपितों के घर लेकर गई। इस दौरान आरोपित कान पकड़कर चलते रहे और गुंडागर्दी करना पाप है पुलिस हमारे बाप है के नारे लगाते रहे।
हमले में युवती के पिता 46 वर्षीय अवधेश त्रिवेदी घायल हुए थे। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अवधेश त्रिवेदी करीब 30 वर्ष से जैन श्वेतांबर ट्रस्ट बोर्ड कबीर साहब का मंदिर में पुजारी का काम करते हैं तथा मंदिर के पीछे रहते हैं।
अवधेश त्रिवेदी ने पुलिस व मीडिया की बताया था कि भय्यू मराठा उनकी पुत्री से जबरदस्ती शादी करना चाहता है। 29 व 30 जनवरी की दरमियानी रात वे व उनका 14 वर्षीय पुत्र एक कमरे में तथा दूसरे कमरे में मां व पत्नी सो रहे थे। रात करीब 12.45 बजे दरवाजा तोडऩे की आवाज आई तो सभी लोग डर गए।
आरोपितों ने उनके कमरे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया था तथा अवधेश पर चाकू से कई वार किए थे। पुलिस ने आरोपित भय्यू मराठा निवासी भंडारी गली (थावरिया बाजार) व उसके छह साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। हमला करने के बाद आरोपित भाग गए थे।

You missed

error: Content is protected !!