• Thu. Oct 29th, 2026

श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव : आज महर्षि वाल्मिकी जी को याद करने का दिन : मंत्री चेतन्य काश्यप, सनातन धर्म महासभा ने सुभाष नगर सिथत एकमात्र मंदिर पर किया कार्यक्रम का आयोजन

BySurendra Jain

Jan 22, 2024

खबर पक्की, 22 जनवरी, रतलाम। श्री सनातन धर्म महासभा द्वारा श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर सूक्ष्म लघु एवं मध्यम मंत्री चेतन्य काश्यप के आतिथ्य में सुभाष नगर स्थित शहर के एकमात्र महर्षि वाल्मिकी मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मंत्री श्री काश्यप द्वारा प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी, हनुमान जी और महर्षि वाल्मिकी जी के प्रतीक स्वरूप में उपस्थित बच्चों का स्वागत अभिनंदन किया गया।
श्री वाल्मिकी मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि आज महर्षि वाल्मिकी जी को याद करने का दिन है। प्रभु श्री राम का जो स्वरूप आज हमारे सामने है, वह महर्षि वाल्मीकि जी के कारण ही हम देख व समझ पा रहे है। प्रभु श्री राम ने जो आदर्श स्थापित किए हैं, वह अनुकरणीय है। आरंभ में सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष अशोक सोनी गोविंद काकानी, राजू केलवा, भुपेन्द्र सोनी, अरविन्द सोनी, राजेश ओझा, रवि सोनी, गोपाल सोनी, विजय सोनी, डॉ. सोनी, वाल्मिकी समाज के कमल भाटी, पूर्व पार्षद मोहन वर्मा सहित क्षेत्रवासियों ने श्री काश्यप का स्वागत किया। कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सुरेन्द्र सुरेखा, विरेन्द्र वाफगांवकर, गोपा काकानी, ऋषि शर्मा, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, पार्षद अनिता कटारा, प्रभु नेका, सुदीप पटेल, कमल तिवारी, रमेश व्यास आदि उपस्थित रहे।
देवस्वरूपानंदजी ने बताई वाल्मिकी महिमा
सनातन धर्म महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अखण्ड ज्ञान आश्रम के संत देवस्वरूपानंदजी महाराज भी शामिल हुए। उन्होंने उपस्थितजनों को महर्षि वाल्मिकी की महिमा का वर्णन किया और कहा कि देश में श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा का भाव निर्मित करने में वाल्मिकीजी का अहम योगदान है। इस अवसर पर सामुहिक भोज का आयोजन भी हुआ, जिसमें सनातन धर्म महासभा के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों के साथ एक संगत-एक पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।

You missed

error: Content is protected !!