खबर पक्की, 14 जनवरी, रतलाम। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री भास्कर लाक्षाकार द्वारा बेघर तथा इसी प्रकार के व्यक्तियों के शीत लहर (शीतघात) के प्रकोप से बचाव के लिए नगरी निकायों तथा जनपद पंचायत को निर्देश जारी किए गए हैं।
रतलाम जिले में आसपास के राज्य, जिलों से दैनिक मजदूरी कार्य हेतु अधिक संख्या में श्रमिकों का आना-जाना लगा रहता है। अधिकांश श्रमिक, भिक्षुक एवं नि:शक्जन फुटपाथ तथा खुले क्षेत्रों में रहने से वर्तमान में जारी शीतलहर (शीतघात) के प्रभाव से उनके स्वास्थ्य पर विपरित असर पडऩे की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। साथ ही जनसमुदाय को शीत लहर (शीतघात) के प्रकोप से बचाव हेतु उचित व्यवस्था की जाना आवश्यक है।
कलेक्टर द्वारा जिले की समस्त नगरीय निकायों व जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि जारी शीतलहर को देखते हुए बेघर, प्रभावित लोगों को आश्रयगृहों, रेन बसेरा में स्थानांतरित किया जाए। ऐेसे स्थलों को चिन्हित किया जाए जहाँ बेसहारा एवं बेघर श्रमिक व्यक्ति सड़क, मैदान, खुले क्षेत्रों में पाए जाने पर अलाव की व्यवस्था की जाए। रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड, टैक्सी, आटो, मैजिक स्टेण्ड, आदि सार्वजनिक वाहन स्थलों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की जावें।
