• Thu. Oct 29th, 2026

सनसनसीखेज घटना, महिला पलंग पर जली मिली, हत्या की आशंका

BySurendra Jain

Dec 21, 2023

खबर पक्की, 21 दिसंबर, रतलाम। जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर नामली थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथगढ़ में सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव की 66 वर्षीय महिला अपने ही घर में पलंग पर जली हुई मृत अवस्था में मिली है। वह कैसे जली यह तो पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका है कि उसकी हत्या कर उसे जलाया गया है।
जानकारी के अनुसार 66 वर्षीय मांगूबाई पत्नी स्वर्गीय भागीरथ अपने 35 वर्षीय दिव्यांग पुत्र मुकेश के साथ रहती है। घर के अगले हिस्से में किराना दुकान संचालित की जाती है। रात करीब नौ से साढ़े नौ बजे के बीच मांगूबाई घर पर अकेली थी। पुत्र गांव में दोस्तों के साथ कहीं गया हुआ था।
इसी बीच मांगूबाई के घर से धुआं निकलता देख आसपास वाले वहां पहुंचे तथा मुकेश को फोन लगाकर घर में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद मुकेश घर पहुंचा व लोगों के साथ दरवाजा खोलकर अंदर गया तो उसकी मां मांगूबाई पलंग पर जली हुई अवस्था में पड़ी हुई थी। इससे गांव में सनसनी फैल गई।
रात करीब दस बजे गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। रात ग्यारह बजे तक नामली थाना प्रभारी धर्मेंद्र शिवहरे दल के साथ घटना स्थल पहुंचे तथा जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया।
गुरुवार सुबह एसडीओपी अभिलाष भलावी, एफएसएल अधिकारी डा. अतुल मित्तल व अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने बारिकी से घटना स्थल की जांच की। महिला को पेट्रोल, डीजल या केरोसिन डालकर जलाया गया या अन्य किसी पदार्थ से यह पता नहीं चल पाया।
पलंग के अलावा आसपास कोई वस्तु जली हुई नहीं मिली है। वहीं बाहर से उसके घर के दरवाजे की सांकल लगी हुई थी। इससे आशंका है कि उसे मारकर जलाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब नौ बजे कार में दो-तीन लोग कार में आए थे। कार गांव में एक घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी जाते हुए कैद हुई है। पुलिस उस कार की तलाश कर रही है।

You missed

error: Content is protected !!