खबर पक्की, 3 दिसम्बर, रतलाम। लोकतंत्र के महामुकाबले में भाजपा ने फिर से अपना दबदबा कायम रखा जिले की पांच विधानसभा में से चार पर भाजपा एक पर बाप पार्टी ने जीत हासिल की है।
जिले में मतदाताओ ने फिर से भारतीय जनता पार्टी पर अधिक विश्वास जताया और भाजपा ने 5 में से 4 सीट जीत ली हैं। जबकि जिले की सैलाना सीट पर परिणामों ने सभी को चौंका दिया। सैलाना में भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश्वर डोडियार विजय हुए है।
कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में सुबह 8 बजे से शुरु हुई मत गणना में दोपहर 12 बजे तक ही लगभग स्थिति साफ हो गई और मतगणना स्थल पर पंहुचे कांग्रेस के जनप्रतिनिधि धीरे धीरे मत गणना स्थल से रवाना होने लगे तो भाजपा के कार्यकर्ता कॉलेज के बाहर उत्साहित होकर बढ़ते ही गए।
रतलाम शहर में भाजपा के चैतन्य काश्यप ने तीसरी बार जीत हासिल कर ली है।
चैतन्य काश्यप ने 60708 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। श्री काश्यप ने 109656 वोट हासिल किए हैं, जबकि कांग्रेस के पारस सकलेचा ने 48948 वोट ही मिल पाए।
रतलाम ग्रामीण में भाजपा ने अपना वजूद कायम रखा भाजपा के मथुरालाल डामर ने 34324 वोटों से जीत हासिल की है। भाजपा को 102968 वोट मिले जबकि कांग्रेस के लक्ष्मणसिंह डिंडोर को 68644 वोट ही मिले। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे जयस के संरक्षक डॉ. अभय ओहरी को 85017 मत हासिल किए।
जिले की आदिवासी आरक्षित सीट सैलाना में अप्रत्याशित परिणामों ने सभी को चौंका दिया है। यहां भारत आदिवासी पार्टी के कमलेश्वर डोडियार ने 71219 वोट मिले जबकि कांग्रेस को 66601मत प्राप्त हुए भाजपा यहा पर तीसरे नंबर पर रही। कमलेश्वर डोडियार 4618 वोटों से जीत दर्ज की है। यहां पर भाजपा की संगीता चारेल को 41584 मत ही मिले हैं।
जिले की जावरा में भाजपा के डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने 92019 वोट प्राप्त कर 26210मतो से विजय हासिल की है।
कांग्रेस के वीरेंद्र सिंह सोलंकी को 65998 और निर्दलीय प्रत्याशी करणी सेना के जीवनसिंह शेरपुर को 40766 वोट मिले।
जिले की एकमात्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट आलोट में भाजपा ने इतिहास बनाया है। चिंतामणि मालवीय ने 68884 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्हें 106762 वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर निर्दलीय प्रेमचंद गुड्डू रहे जिन्हें 37878 वोट और तीसरे स्थान पर कांग्रेस के मनोज चावला को 33656 वोट मिले हैं।

