• Thu. Oct 29th, 2026

मंडी में हुए मुहूर्त के सौदे, सोयाबीन 5 हजार 988 और लहसुन 27 हजार 100 रुपये क्विंटल बिका

BySurendra Jain

Nov 20, 2023

खबर पक्की, 20 नवंबर, रतलाम। दिवाली व विधानसभा चुनाव के 11 दिन के अवकाश के बाद सोमवार को कृषि उपज मंडियां खुलने पर परंपरानुसार मंडियों में मुहूर्त के सौदे हुए। महू रोड स्थित कृषि उपज मंडी (अनाज मंडी) में माताजी मंदिर में आरती की गई और पावर हाउस रोड स्थित पुरानी कृषि मंडी में स्थित कांटे वाले बाबा की दरगाह पर चादर शरीफ पेश कर खुशहाली व अच्छे कारोबार के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद मंडियों में मुहूर्त के सौदे किए गए।
मुहूर्त में सोयाबीन का सौदा 5 हजार 988 रुपये, गेहूं 4005 रुपये, प्याज 12551 रुपये व लहसुन 27100 रुपये क्विंटल बिका। मुहूर्त के सौदों के साथ ही नीलामी शुरू हुई और शाम तक चलती रही।
हर वर्ष दीपावली के एक सप्ताह के अवकाश के बाद लाभ पंचमी पर मंडिया खुलती तथा उसी दिन मुहूर्त के सौदे होते है, लेकिन इस बार दीपपर्व के बाद चुनाव होने से मंडी कर्मचारियों व अधिकारियों की ड्यूटी चुनाव में लगने से लाभ पंचमी (18 नवंबर) को भी मंडियों में अवकाश था। 19 नवंबर को रविवार का अवकाश होने से सोमवार को मंडियां खुली।
मंडियां खुलने पर मुहूर्त के सौदे कर व्यापारियों ने व्यापार की शुरुआत की।अनाज मंडी में व्यापारियों, किसानों, मंडी कर्मचारियों व अन्य लोगों पहले माताजी मंदिर में आरती की। आरती के बाद प्रसादी वितरण कर मुहूर्त के सौदे शुरू किए गए।
व्यापारी विमल जैन ने पहले नंबर पर लाइन में लगे किसान सत्यनारायण पाटीदार निवासी ग्राम दंतोडिय़ा के सोयाबीन की 5 हजार 988 रुपये 25 पैसे की सबसे ऊंची बोली लगाकर मुहूर्त का सौदा किया। वहीं व्यापारी हितेश पारख ने किसान समरथ ग्राम पलसोड़ा का गेहूं के 4505 रुपये क्विंटल के भाव ऊंची बोली लगाकर मुहूर्त का सौदा किया। उधर, व्यापारी विकास पाटीदार ने किसान जीवन पटेल निवासी ग्राम प्रीतमनगर का प्याज 12551 रुपये क्विंटल में खरीद कर मुहूर्त का सौदा किया।
पुरानी कृषि उपज मंडी में व्यापारी रितेश बाफना ने किसान भेरूलाल पाटीदार निवासी ग्राम दंतोडिय़ा के लहसुन 27100 रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर मुहूर्त का सौदा किया। इस दौरान मुहूर्त के सौदे करने वाले व्यापारियों व किसानों का पुष्प माला पहनाकर व सांफा बांधकर सम्मान किया गया।

You missed

error: Content is protected !!