खबर पक्की, 15 नवंबर, रतलाम। विधानसभा निर्वाचन 2023 के दृष्टिगत मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण 16 नवम्बर को होगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 219 रतलाम ग्रामीण, 220 रतलाम शहर के लिए शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम, 221 सैलाना के लिए शासकीय महाविद्यालय सैलाना नवीन भवन तथा 222 जावरा एवं 223 आलोट के लिए शासकीय भगतसिंह महाविद्यालय जावरा से मतदान दलों को 16 नवम्बर को प्रात: 7.00 बजे से ईवीएम, वीवीपेट एवं अन्य सुसंगत सामग्रियों का वितरण किया जाएगा।
इसी प्रकार 17 नवम्बर को मतदान समाप्ति के पश्चात् उक्त समस्त विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों से सामग्री वापस प्राप्ति का कार्य शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम में होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री भास्कर लाक्षाकार ने पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अनुविभागीय अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदान दलों को सामग्री वितरण एवं वापसी हेतु समस्त व्यवस्थाएं कार्ययोजना के अनुरुप सुनिश्चित करें।
बुधवार को सामग्री प्राप्ति स्थल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम पर नियोजित कर्मियों का ड्राय रन हुआ जिसमें संबंधित अनुविभागीय अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी तथा उक्त कार्य के लिए नियोजित समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
मतदान केंद्र पर पहचान के लिए 12 दस्तावेज प्रयोग कर सकते हैं
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री भास्कर लाक्षाकार बताया गया कि निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्र पर मतदाताओं की पहचान के लिए 12 दस्तावेजों निर्धारित किये गए है। इन 12 दस्तावेजों में से कोई भी एक दस्तावेज़ होने पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकता है। इन दस्तावेजों के अंतर्गत आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, मनरेगा जॉब कार्ड, सर्विस पहचान पत्र, पासबुक, स्मार्ट कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, पेंशन दस्तावेज व सरकारी पहचान पत्र को शामिल किए गए हैं।
कर्मचारी नियोजित
विधानसभा निर्वाचन 2023 के दृष्टिगत शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में स्थापित स्ट्रांग रुम के सीसी टीवी कन्ट्रोल रुम की सतत मानिटरिंग के लिए श्री रवि कुमार राठौर ङ्क्षउपयंत्री जनपद पंचायत रतलाम तथा श्री अनमोल निर्मल उपयंत्री नगर निगम रतलाम को दोपहर 2.00 से रात्रि 10.00 बजे तक नियोजित किया गया है।
