खबर पक्की, 26 अक्टूबर, रतलाम। विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 26 अक्टूबर को नामांकन प्रस्तुत करना शुरू करेंगे। प्रथम दिन रतलाम शहर विधानसभा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप एवं ग्रामीण विधानसभा प्रत्याशी मथुरालाल डामर द्वारा नामांकन प्रस्तुत किया जाएगा। जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय 27 अक्टूबर को नामांकन प्रस्तुत करेंगे। इसी प्रकार आलोट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. चिंतामणि मालवीय एवं सैलाना क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी संगीता चारेल द्वारा 30 अक्टूबर को नामांकन प्रस्तुत किया जाएगा।
रतलाम शहर विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल के अनुसार विधानसभा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप सुबह 11 बजे अपने चुनाव कार्यालय से रैली के रूप में नए कलेक्टोरेट में नामांकन प्रस्तुत करने जाएंगे। नामांकन रैली स्टेशन रोड़ स्थित विसाजी मेंशन से आरंभ होकर दिलबहार चौराहा, टी.आई.टी. रोड़, फव्वारा चौक होते हुए नए कलेक्टोरेट पहुंचेगी।
