• Thu. Oct 29th, 2026

उम्मीदवारों की घोषणा के बाद कांग्रेस में विरोध के स्वर, रतलाम ग्रामीण में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन कर किया पुतला दहन

BySurendra Jain

Oct 21, 2023

खबर पक्की, 21 अक्टूबर, रतलाम। कांग्रेस ने जिले की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही कई जगह पर उम्मीदवारों के खिलाफ विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। जावरा और आलोट के बाद आज रतलाम ग्रामीण में भी स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने बाहरी उम्मीदवार के नाम पर विरोध करते हुए पुतला दहन एवं प्रदर्शन किया।
रतलाम ग्रामीण से कांग्रेस द्वारा लक्ष्मण डिंडोर को उम्मीदवार बनाया गया है। उम्मीदवार के नाम की घोषणा के साथ यहां स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। शनिवार को नाराज कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता धराड़ में एकत्रित हुए और लक्ष्मण डिंडोर को उम्मीदवार बनाने का विरोध करते हुए नारेबाजी एवं पुतला दहन किया। प्रदर्शन करने वालों में रतलाम ग्रामीण से टिकट के अन्य दावेदार भी शामिल रहे। कुछ दावेदारों ने बगावत कर निर्दलीय खड़े होने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे थावरलाल भूरिया, जयस संरक्षक डॉ. अभय ओहरी, पूर्व विधायक लक्ष्मीदेवी खराड़ी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल धुर्वे, राजीव देवदा, जिला कांग्रेस आदिवासी प्रभाग महिला अध्यक्ष रानी देवदा, पूर्व मंडी डायरेक्टर सविता भंवर आदि कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जावरा में भी हुआ विरोध
जावरा में भी कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित होने के बाद से विरोध के स्वर उठ रहे हैं। जावरा से कांग्रेस ने हिम्मत सिंह श्रीमाल को उम्मीदवार बनाया है। यहां उम्मीदवार घोषित होने के बाद अन्य दावेदारों के समर्थकों ने पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। इधर जावरा में करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने भी कार्यकर्ता सम्मेलन में चुनावी रण में उतरने की घोषणा कर दी है। जीवन सिंह शेरपुर 26 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
आलोट में प्रेमचंद गुड्डू भी अपना चुके हैं बागी तेवर
जिले की आलोट विधानसभा में भी कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित होने के बाद पूर्व विधायक एवं टिकट की दावेदारी जाता रहे प्रेमचंद गुड्डू ने निर्दलीय चुनाव लडऩे के संकेत दे दिए हैं। 2 दिन पूर्व नाराज कार्यकर्ताओ द्वारा आयोजित सम्मेलन में प्रेमचंद गुड्डू ने कहा कि पार्टी यदि उम्मीदवार नहीं बदलती है तो वह निर्दलीय रूप से चुनावी समर में उतरेंगे। इधर रतलाम शहर में भी उम्मीदवार के रूप में पारस सकलेचा की घोषणा होने के बाद शुक्रवार दोपहर में कुछ लोगों ने पुतला दहन किया। यह लोग किस पार्टी से संबंधित है इसका खुलासा नहीं हो पाया।

You missed

error: Content is protected !!