• Sat. Oct 31st, 2026

बीएलओ द्वारा घर-घर पहुंचकर मतदाता सत्यापन कार्य गंभीरता के साथ किया जाए, उज्जैन संभाग आयुक्त डॉ. संजय गोयल ने रतलाम में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की

BySurendra Jain

Sep 21, 2023

खबर पक्की, 21 सितंबर, रतलाम। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची अपने शुद्धतम रूप में हो, उसमें कोई भी त्रुटि नहीं हो। बीएलओ द्वारा घर-घर पहुंचकर किए जा रहे मतदाता सत्यापन कार्य को गंभीरता से किया जाए। उक्त निर्देश उज्जैन संभाग आयुक्त एवं निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त ई-रोल ऑब्जर्वर डॉ. संजय गोयल द्वारा रतलाम में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिले के सभी एसडीएम तथा बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में संभाग आयुक्त डॉ. गोयल ने निर्देशित किया कि यदि अभी भी मतदाता सूची में कोई कमी है तो उसे तत्काल दूर कर लिया जाए। आयोग की मंशा के अनुसार मतदाता सूची में कोई त्रुटि नहीं हो, घर-घर पहुंच कर सत्यापन कार्य में लगे बीएलओ कार्य की गंभीरता को समझें। निष्क्रिय बीएलओ को सक्रिय किया जावे। बैठक में संभाग आयुक्त डॉ. गोयल द्वारा रतलाम शहर के बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा संधारित फोटोयुक्त मतदाता सूची का निरीक्षण करते हुए मतदाताओं को जोडऩे, घटाने में प्राप्त किए गए आवश्यक दस्तावेजों, पंचनामा, लोगों के कथन की जानकारी प्राप्त की। जहां कहीं विसंगति पाई उसके सुधार के लिए निर्देशित किया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डा. शालिनी श्रीवास्तव ने जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के पश्चात अद्यतन स्थिति पर पावर पाईंट प्रजेंटेशन दिया।
अरिहंत कॉलोनी पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया
संभाग आयुक्त डॉ. संजय गोयल इस दौरान शहर की अरिहंत कॉलोनी पहुंचे, वहां बूथ नंबर 152 से संबंध मतदाताओं के घर पहुंचकर बीएलओ के आगमन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कॉलोनी निवासी संकेत मालीवाड़ तथा डिंपल सिंह से चर्चा की। उनके घर आने वाले बीएलओ द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में पूछताछ की।

You missed

error: Content is protected !!