• Thu. Oct 29th, 2026

पंचेड में हुई हत्या के आरोपियों को 28 घण्टों के भीतर नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार किया

BySurendra Jain

Sep 20, 2023

खबर पक्की, 20 सितंबर, रतलाम। जिले के नामली थाना क्षेत्र ग्राम पंचेड में हुई एक युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने 28 घण्टों के भीतर सुलझाने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने हत्या में शामिल एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ने तीन वर्ष पूर्व एक नन्हे बच्चे का यौन शोषण किया था, इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने उसकी हत्या की।
पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने प्रेसवार्ता आयोजित कर पुलिस को मिली इस सफलता की विस्तार से जानकारी दी। एसपी श्री लोढा के मुताबिक 18 सितम्बर को पंचेड निवासी आबिद पिता सुल्तान मंसूरी की चाकूओं से गोद कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी त्रिभुवन चौहान, आशुतोष उर्फ भोला और एक नाबालिग बालक के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश प्रांरभ की थी। एसपी श्री लोढा ने बताया कि थाना प्रभारी नामली धर्मेन्द्र शिवहरे के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को निंबाहेडा-भीलवाडा हाईवे पर चित्तौडगढ टोल नाके के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि मृतक आबिद मंसूरी ने विगत 16 मई 2020 को हत्या के आरोपी नाबालिग बालक के आठ वर्षीय छोटे भाई के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। मृतक आबिद खुद भी उस समय 17 वर्ष का था इसलिए पाक्सो एक्ट में प्रकरण दर्ज होने के बाद भी नाबालिग होने के आधार पर उसे शीघ्र जमानत मिल गई। लेकिन इसी बात से आरोपीगण मृतक से रंजिश रखते थे। हत्या के आरोपी नाबालिग बालक ने अपने दोनो साथियों त्रिभुवन और आशुतोष उर्फ भोला को साथ लेकर 18 सितम्बर को आबिद पर चाकूओं से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
प्रकरण को सुलझाने में थाना प्रभारी नामली धर्मेन्द्र शिवहरे के साथ बांगरोद चौकी प्रभारी एसआई अशोक दीक्षित, एसआई सचिन डाबर, रविन्द्र मालवीय, सायबर सेल एसआई अमित शर्मा, एएसआई ओपी राठौर, आरक्षक मनीष गिरी, शिवपाल सिंह मनोहर नागदा आदि की सराहनीय भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!