• Thu. Oct 29th, 2026

रतलाम में तीन दिवसीय आजीविका उत्पाद मेला प्रारंभ, सीईओ अमन वैष्णव ने किया शुभारंभ

BySurendra Jain

Sep 11, 2023

खबर पक्की, 11 सितंबर, रतलाम। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय आजीविका उत्पाद मेला स्थानीय स्थानीय सजन प्रभा हाल अजंता टॉकीज रोड पर सोमवार से प्रारंभ हुआ। मेले का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव द्वारा किया गया। मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहो की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादो की प्रदर्शनी एवं बिक्री आयोजित की गई है।
बताया गया है कि समूह द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए आजीविका उत्पाद मेलों का आयोजन किया जाकर प्राइवेट सेक्टर से महिलाओं द्वारा उत्पादित वस्तुओं को जोड़कर बाजार उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है जिससे कि उत्पादों को अच्छा बाजार उपलब्ध हो सके। व्यापारियों द्वारा भी थोक में खरीदी की जा सके। मेले में आचार, पापड़, मसाले, हाथ से निर्मित दाले, शोपीस उत्पाद, ज्वार, बाजरा, मक्की का आटा, खजूर की झाड़ू, भगवान की पोशाख, लाख की चूडिय़ां, केचुआ खाद, झूमर इत्यादि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
13 सितंबर तक चलने वाले उत्पाद मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने जिले के सभी विकासखंडो से आई समूह की महिलाओं को अलग-अलग सेक्टर में अलग-अलग उत्पाद बनाने के लिए समझाया जिससे कि आमदनी में वृद्धि हो। महिलाएं प्रतिमाह कम से कम 10 से 15000 रुपए आय अर्जित करके आत्मनिर्भर बने। आगे चलकर उत्पाद मेले स्कूल, कॉलेज में भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के रीजनल मैनेजर अरुणसिंह, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के रीजनल मैनेजर मनोज सिन्हा, एलडीएम दिलीप सेठिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनआरएलएम जयप्रकाश सिंह चौहान, सहायक प्रबंधक नरेशचंद्र तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!