खबर पक्की :15 अगस्त रतलाम, कल रात को मानक चौक थाने के घेराव की घटना और पिछले दिनों हॉट रोड पुलिस चौकी के घेराव की घटना रतलाम जिले की कानून व्यवस्था के लिए लिटमस टेस्ट की तरह ली जाना चाहिए। हार्ट की चौकी वाले घटना में भी घेराव के पूर्व सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट की शिकायत की गई थी लेकिन शिकायत पर तत्काल उचित कार्रवाई नहीं की गई परिणाम स्वरूप लोगों का हुजुम इकट्ठा हुआ और उनमें से कुछ लोगों ने आपत्तिजनक नारेबाजी की और भीड़ इकट्ठा होने के बाद उस सोशल मीडिया पोस्ट पर FIR की गई और गृहमंत्री द्वारा चेतावनी दिए जाने पर भीड़ में शामिल आपत्तिजनक नारे लगाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। इसी तरह करमदी तीर्थ वाली घटना में रविवार सुबह असामाजिक तत्व द्वारा तीर्थ के अंदर गड्ढा खोदे जाने की और खंबा ले जाने की शिकायत मानक चौक थाने पर दर्ज कर दी गई थी लेकिन थाने से तत्काल कोई एक्शन ना लिए जाने की परिणिति में सोमवार को 2000 लोगों द्वारा रात को माणक चौक थाने का घेराव किया गया। घेराव के पश्चात जिला पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को थाने पर पहुंचकर तत्काल FIR काटने के आदेश देने पड़े और लोगों को आश्वस्त करना पड़ा की 24 घंटे में कार्रवाई हो जाएगी यह दोनों घटनाएं पुलिस की इतने संवेदनशील मामलों में कोताही बताने के लिए पर्याप्त है। अगर समय रहते पुलिस ने इन पर तत्काल कार्रवाई की होती तो लोगों को सड़कों पर उतर कर थाने का घेराव नहीं करना पड़ता यह आम जनता का पुलिस और प्रशासन पर अविश्वास का परिणाम है। पुलिस और प्रशासन को थानों को स्पष्ट निर्देश देना चाहिए कि किसी भी प्रकार के धार्मिक मामलों में प्राप्त शिकायत पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करें और तत्काल उन मामलों में कार्रवाई करें ताकि चिंगारी को शोला बनने से रोका जा सके अभी चुनाव आने वाले हैं और देश के अन्य भागो के हालातों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक सरकारी कर्मचारी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जिले के हालात बिगड़ने न पाए और लोगों की जानमाल को खतरा पैदा ना हो।

