• Sat. Nov 7th, 2026

रविवार को होगा उत्कृष्ट पत्रकारिता का सम्मान, सामाजिक सरोकार से जुड़ी 10 श्रेष्ठ खबरों के लिए मिलेगा नगद पुरस्कार, रतलाम प्रेस क्लब का अभिनव आयोजन

BySurendra Jain

Jul 29, 2023

खबर पक्की, 29 जुलाई, रतलाम। रतलाम प्रेस क्लब का पहला उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान समारोह रविवार 30 जुलाई को आयोजित होगा। रतलाम प्रेस क्लब के तत्वावधान में होने जा रहे समारोह में दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में पुरस्कृत किया जाएगा। स्पर्धा में प्रदेश स्तर के ख्यात और वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा चयनित 10 उत्कृष्ट खबरों के लिए पत्रकारों को शील्ड के साथ 11 हजार रुपए की नगद राशि प्रदान की जाएगी।
रतलाम प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी और सचिव यश शर्मा बंटी ने बताया कि आयोजन रविवार सुबह 11 बजे से सैलाना रोड स्थित अमृत गार्डन में आयोजित होगा। समारोह शहर विधायक एवं पूर्व योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप, ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, डीआईजी मनोज सिंह, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के आतिथ्य में होगा।
इस आयोजन में प्रदेश के ख्यात पत्रकार कीर्ति राणा, ललित उपमन्यु, पंकज दीक्षित, हर्षवर्धन प्रकाश, प्रशांत कालीधार और मुकेश जोशी ने श्रेष्ठ खबरों का चयन किया। इसके पूर्व प्रेस क्लब द्वारा अपने सदस्य पत्रकारों से वर्ष 2022 में उनके द्वारा बनाई गई खबरों की प्रविष्टियां बुलवाई गई थीं। इसमें 19 लोगों ने प्रवृष्टि भेजी थीं। स्पर्धा में प्रिंट, इलेक्ट्रानिक, डिजिटल तथा फोटोग्राफी की अलग-अलग केटेगरी भी तय की गई थी। प्रत्येक केटेगरी में 3-3 पत्रकारों को नगद राशि भी मिलेगी, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में हैं पुरस्कार
श्री गोस्वामी ने बताया कि रतलाम प्रेस क्लब द्वारा जो 10 पुरस्कार दिए जा रहे हैं वे अपने दिवंगत पत्रकारों के नाम पर रखे गए हैं। इसका उद्देश्य आने वाली पीढियों में उनकी मेहनत व नाम को जीवित रखना है। प्रिंट के पुरस्कार स्व. प्रकाश उपाध्याय, स्व.सुरेश पंड्या, स्व. सुशील नाहर, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पुरस्कार स्व. रमेश ललवानी, स्व. गोपाल सिंह कुशवाह, स्व. प्रकाश खंडेलवाल, डिजिटल के पुरस्कार स्व. रमाकांत शुक्ल, स्व. चांद शर्मा, स्व. अशोक डोसी और फोटोग्राफी के लिए स्व. गजानन शर्मा माय डियर के नाम पर हैं।

error: Content is protected !!