• Sat. Nov 7th, 2026

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सांसद विधायक निधि के लंबित कार्यों की समीक्षा की, लंबे समय से अधूरे पड़े कार्यो के दृष्टिगत निगम आयुक्त एवं आलोट, नामली, पिपलोदा, जावरा, धामनोद, सैलाना के नगर पालिका अधिकारियों को शोकाज नोटिस

BySurendra Jain

Jul 24, 2023

खबर पक्की, 24 जुलाई, रतलाम। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सांसद, विधायक निधियों के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान वर्ष 2021 तक के नगर निगम रतलाम के 21 कार्य लंबित पाए गए। इसी प्रकार नगर परिषद आलोट, नामली, पिपलोदा, जावरा, धामनोद, सैलाना के भी कुछ कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की, संबंधित नगरपालिका अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि नगर निगम के 21 कार्य लंबित हैं। इसके अलावा आलोट तथा नामली में 7-7 कार्य, पिपलोदा के 3 कार्य, जावरा, धामनोद, सैलाना में 1-1 कार्य विगत कई महीनों से लंबित पाए गए। जनपद पंचायतों के अंतर्गत समीक्षा में बताया गया कि जनपद पंचायत बाजना के 20, रतलाम के 12, सैलाना के 9 कार्य अत्यधिक लंबे समय से अधूरे पड़े हैं। कलेक्टर ने जनपदों में चेतावनी दी, आगामी 15 दिवस में कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला अंतर विभागीय समन्वय समिति बैठक के तहत जन्म-मृत्यु पंजीयन के बारे में इकाइयों के कार्य की समीक्षा कलेक्टर ने की। स्वास्थ्य विभाग के बारे में सिविल सर्जन तथा डीपीएमसी विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई। वर्तमान में जनवरी से जून 2023 तक जिले में लगभग 86 प्रतिशत तथा मृत्यु का 87 प्रतिशत पंजीयन हुआ है जो कि गत वर्ष से कम है। इसके लिए सभी पंजीयन इकाइयों को निर्देशित किया गया। किसी भी आमजन को जन्म-मृत्यु पंजीयन में कोई दिक्कत नहीं आए यह सुनिश्चित करने के लिए भी कलेक्टर ने निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर डा. शालिनी श्रीवास्तव, जिला योजना अधिकारी बालकृष्ण पाटीदार, आयुक्त नगर निगम श्री ए.पी. सिंह गहरवार आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!