• Sat. Nov 7th, 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई : कलेक्टर ने परेशान आवेदकों की भूमि पर से तत्काल कब्जा हटाने की कार्यवाही के लिए निर्देश

BySurendra Jain

Jul 18, 2023

खबर पक्की, 18 जुलाई, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने जनसुनवाई करते हुए पिपलौदा जनपद पंचायत के ग्राम ऊपरवाडा के परेशान आवेदकों की भूमि पर से तत्काल कब्जा हटाने के निर्देश पिपलोदा तहसीलदार को दूरभाष पर दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े, एसडीएम संजीव पांडे एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती राधा महंत ने भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई में ग्राम ऊपरवाडा की आदिवासी आवेदक दुर्गाबाई तथा दिव्यांग कलाबाई पाटीदार ने आवेदन दिया कि उनकी दो-दो बीघा जमीन पर गांव के किन्ही व्यक्तियों द्वारा कब्जा कर रखा है, उनकी जमीन छुड़वाई जाए। कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम जावरा तथा पिपलौदा के तहसीलदार को दूरभाष पर ही निर्देश देते हुए कहा कि तत्काल मौके पर पहुंचकर महिलाओं को कब्जा दिलवाने की कार्रवाई करें। इसी प्रकार जनसुनवाई में आलोट क्षेत्र से कालबेलिया समाज के व्यक्ति श्री राजेश नाथ अध्यक्ष के साथ अपनी भूमि पर कब्जे की शिकायत लेकर आए जिस पर तत्काल कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा आलोट एसडीएम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में ग्राम वरडिया (राज.) निवासी सुनीता कुंवर ने आवेदन दिया कि प्रार्थिया के पिता स्व. अनारसिंह ने अपनी भूमि का जीवनकाल में प्रार्थिया, विरेन्द्रसिंह तथा अनीताकुंवर के नाम पर बंटवारा कर दिया था और प्रार्थिया द्वारा अपने हिस्से की भूमि में नाम चढवाने हेतु पिपलौदा तहसील में आवेदन दिया गया था परन्तु आज दिनांक तक उक्त भूमि प्रार्थिया के नाम पर नहीं चढाई गई है। आवेदन निराकरण हेतु तहसीलदार पिपलौदा को प्रेषित किया गया है।
ग्राम लसुडिया सूरजमल निवासी प्रभुनाथ ने आवेदन दिया कि प्रार्थी विगत 40 वर्षों से उक्त भूमि पर खेती करता आ रहा है। जबकि नक्शे में उक्त भूमि का सर्वे नम्बर 878 दिख रहा है जो कि पूर्णत: गलत है। अत: उक्त भूमि का नक्शे में सुधार किया जाए। आवेदन निराकरण हेतु संबंधित विभाग को भेजा गया है।
पीपलखूंटा निवासी गिरधारी ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थी विगत कई वर्षों से खेती कर रहा है। खेत में लगी कपास, सोयाबीन तथा उडद की फसल को गांव के ही व्यक्ति द्वारा दवाई छिडककर बर्बाद कर दिया जिससे प्रार्थी को आर्थिक नुकसान हुआ। इस सम्बन्ध में पटवारी को भी शिकायत की गई परन्तु कोई कार्यवाही नहीं की गई। प्रार्थी तथा उसके परिवार को संबंधित व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसकी रिपोर्ट भी संबंधित पुलिस चौकी पर की गई पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। कृपया इस सम्बन्ध में उचित कार्यवाही कर प्रार्थी को हुए नुकसान की भरपाई की जाए। आवेदन निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय प्रेषित किया गया है।
ढोढर निवासी गोकुल राठौर ने बताया कि प्रार्थी अपने पूर्वजों के समय से ही खेती कर रही है परन्तु क्षेत्र के पटवारी द्वारा उक्त भूमि अन्य व्यक्ति को दे दी गई तथा उक्त व्यक्ति द्वारा जेसीबी चलाकर कृषि भूमि को समतल कर दिया गया और अन्य लोगों द्वारा उक्त भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। भूमि को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है तथा प्रार्थी तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कृपया भूमि का कब्जा वापस दिलवाया जाए जिससे प्राथी अपने खेत पर बोवनी कार्य कर सके। आवेदन निराकरण हेतु तहसीलदार जावरा को भेजा गया है।

error: Content is protected !!