• Sat. Nov 7th, 2026

मदरसे के मास्टर ने नन्हे छात्र को बेरहमी से पीटा, मास्टर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज

BySurendra Jain

Jul 10, 2023

खबर पक्की, 10 जुलाई, रतलाम। शहर के विरीयाखेडी इलाके में चलाए जा रहे गौसिया गरीब नवाज मदरसे के एक मास्टर द्वारा एक नन्हे छात्र की बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद छात्र के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मास्टर के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। दूसरी ओर मदरसा प्रबन्धन ने भी आरोपी शिक्षक को मदरसे से निकाल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मदरसे में पढने वाले छात्र को आरोपी शिक्षक हाफिज तौफिक खान ने एक सबक याद करने को दिया था। शिक्षक ने जब उक्त छात्र को सबक सुनाने को कहा तो वह सुना नहीं पाया। इतनी बात पर शिक्षक तौफिक खान बुरी तरह भडक गया और उसने नन्हे बच्चे को बेरहमी से पीटना शुरु कर दिया। शिक्षक तौफिक खान ने बच्चे को बुरी तरह पीटा जिससे उसकी पीठ और पीठ के नीचे का हिस्सा जख्मी हो गया।
मन्दसौर जिले के फतेहगढ का रहने वाला यह बच्चा कुछ दिनों पहले ही तालीम हासिल करने के लिए मदरसे में भर्ती हुआ था। जब उसके परिजनों को इस बात की जानकारी मिली तो वे आक्रोशित हो गए और उन्होने मदरसा प्रबन्धन को जमकर लताड लगाई। बच्चे को बेरहमी से पीटे जाने का विडीयो भी सोशल मीडीया पर वायरल हो गया था। मदरसा प्रबन्धन ने घटना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी शिक्षक को नौकरी से निकाल दिया।
उधर दूसरी तरफ पुलिस ने बच्चे के परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी शिक्षक हाफिज तौफिक खान के विरुद्ध भादवि की विभिन्न धाराओं तथा जुवेनाईल जस्टिस एक्ट के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी शिक्षक उज्जैन जिले के बडनगर तहसील के गांव सेजावता का निवासी है और उसे कुछ दिन पहले ही नौकरी पर रखा गया था।

error: Content is protected !!