खबर पक्की, 6 जुलाई, रतलाम। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक रतलाम सिद्धार्थ बहुगुणा के नेतृत्व में नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आहुत की गयी। आयोजित बैठक में जिले में अवैध मादक पदार्थ की बिक्री पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने हेतु जिला पुलिस रतलाम, एनसीबी ( नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो), एवम स्टेट नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों के मध्य सामंजस्य स्थापित कर अवैध मादक पदार्थों के व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त कर कठोर कार्यवाही करने हेतु दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में अवैध मादक पदार्थो पर की गई कार्यवाही की तुलनात्मक समीक्षा की गई है।
गत वर्ष 11 प्रकरण बने थे
01-01-22 से 30-06-22 तक की अवधि में एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया जाकर उनसे 1 किलो 700 ग्राम अफीम, 2694 किलो डोडाचूरा एवं 110 ग्राम स्मैक जब्त की गई थी।
इस वर्ष 19 प्रकरण बने
01-01-23 से 30-06-23 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 19 प्रकरणों में 50 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 किलो 600 ग्राम अफीम, 03 किलो 635 ग्राम गांजा, 173 किलो 160 ग्राम डोडाचूरा एवं 667 ग्राम स्मैक जब्त की गई। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 6 मासिक अवधि में 07 प्रकरण अधिक पंजीबद्ध किए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा अवैध मादक पदार्थो के विरुद्ध कार्यवाही बढ़ाने हेतु सभी राजपत्रित अधिकारियो/थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थो के व्यापार में संलिप्त लोगो की जानकारी प्राप्त कर उन पर कठोर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देश दिए गए की अपने अपने क्षेत्र में होटल, ढाबों, अन्य संदिग्ध स्थानों पर लगातार आकस्मिक चेकिंग की जाए। अवैध मादक पदार्थ से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त ढाबों एवं होटलों को चिह्नित कर उन पर कड़ी कार्यवाही की जाए। थाना क्षेत्र के ऐसे लोग जो पूर्व में अवैध मादक पदार्थ के व्यापार में आरोपी रहे हो तथा वर्तमान में संदिग्ध भूमिका में हो ऐसे लोगो को चिह्नित कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम राकेश खाखा, अधीक्षक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मंदसौर श्रीमति चंदा, सीएसपी हेमंत चौहान, एसडीओपी जावरा रविन्द्र बिलावल, एसडीओपी सैलाना इडला मौर्य, एसडीओपी आलोट सुश्री सबेरा अंसारी, एसडीओपी रतलाम अभिलाष भलावी, निरीक्षक नारकोटिक्स सेल मंदसौर हरीश सिंह सोलंकी शहर के सभी थाना प्रभारी, जिला विशेष शाखा के अधिकारी / कर्मचारी उपस्थित थे।

