खबर पक्की, 2 जून, रतलाम। भगवान सूर्य देव संपूर्ण ज्योतिष शास्त्र के अधिष्ठाता देव हैं।12 राशियों में सूर्यदेव सूर्य मास के अनुसार संचालित होते हैं तब वह संवत्सर बनता है और सौर 8 वर्ष कहलाता है। सूर्य भगवान की यह यात्रा जिस मास महीने में किसी राशि पर संचरित (सक्रांति) नहीं होती है वह मास अधिक मास, मलमास या पुरुषोत्तम मास के नाम से जाना जाता है।
श्री कालिका माता सेवा मंडल द्वारा परम पुनीत पुरुषोत्तम मास के अवसर पर 4 जुलाई मंगलवार से 30 अगस्त विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इस अवसर पर पुरुषोत्तम मास का महत्व बताते हुए अधिवक्ता कैलाश व्यास ने बताया कि शास्त्र कहते हैं कि अति प्राचीन समय में मलमास जिसमें मांगलिक कार्यों को संपन्न करने का निषेध है। हताश निराश और व्यथित होने पर श्री हरि विष्णु की कृपा पाकर गोलोक पहुंचा जहां नित्य चिन्मय भगवान पुरुषोत्तम श्री कृष्ण विराजते हैं मलमास ने अश्रुपूरित होकर अपनी व्यथा कथा प्रकट की भगवान मेरा कोई आश्रय दाता नहीं है मैं अभागा हूं कृपा निधान भगवान पुरुषोत्तम श्री कृष्ण ने द्रवित होकर कहा तुम्हें स्वयं को अभागा नहीं समझना चाहिए मैं तुम्हें आश्वस्त करता हूं कि जिन सद्गुणों कृति ऐश्वर्य पराक्रम विभूति और भक्त वत्सलता के गुणों में संपूर्ण जगत में पुरुषोत्तम के नाम से विख्यात हूं। वह सब विभूतियां तुम में विद्यमान होगी और तुम मलमास के नहीं पुरुषोत्तम मास से जाने जाओगे इस प्रकार भगवान अनुग्रह से इस मास में किया गया जप, तप ,अनुष्ठान, दान, सत्कर्म सब कुछ अनंत गुना होकर फलीभूत होता है ऐसे मास में कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा श्री शिव आराधना महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जो 4 जुलाई से 30 अगस्त तक होगा इस दौरान प्रतिदिन कालिका माता मंदिर प्रांगण में सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक पार्थिव शिवलिंग का निर्माण पूजन व विसर्जन होगा। 4 जुलाई शाम 4 बजे ब्रह्मर्षि किरीटभाई द्वारा महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा, 8 जुलाई से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से तपो मूर्ति वीतराग शिरोमणि स्वामी निर्मल चैतन्य पुरी महाराज के श्री मुख से शिव पुराण का वाचन किया जाएगा। 5 जुलाई से 7 जुलाई तक दोपहर 3:00 बजे पंडित अनिरुद्ध मुरारी द्वारा नानी बाई का मायरा किया जाएगा। 19 जुलाई से 25 जुलाई तक श्री भागवत महापुराण तथा 5 अगस्त से 13 अगस्त तक श्रीमद् देवी भागवत कथा आयोजित होगी। उक्त जानकारी पत्रकार वार्ता के दौरान कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट अध्यक्ष राजाराम मोतियानी महोत्सव समिति अध्यक्ष मोहनलाल भट्ट, ट्रस्टी हरीश कुमार बिंदल ने दी। वह बताया कि सारे आयोजन कालिका माता मंदिर प्रांगण में बने मंडप में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान रतलाम सनातन समाज के विभिन्न गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

