खबर पक्की, 22 जून, रतलाम। चांदनी चौक क्षेत्र में चाट का ठेला लगाने वाले पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने वाले 5 बदमाशों को माणक चौक थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। माणक चौक थाना पुलिस ने रंगदारी करने वाले 3 बदमाशों का पैदल जुलूस निकाल कर कोर्ट में पेश किया है। गौरतलब है कि 3 दिन पूर्व चाट की दुकान लगाने वाले यश कसेरा और उसके पिता के साथ इन बदमाशों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की थी। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से यश कसेरा को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
सभी बदमाश फ्री में चाट नहीं खिलाने और हफ्ता वसूली के रुपए नहीं देने से नाराज होकर दुकान संचालक और उसके पिता पर हमला करने पहुंचे थे। दुकान संचालक से बेरहमी से मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया था। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी नाबालिक है। पुलिस ने दर्शन उर्फ दादू राठौड़ को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था। जिसे कोर्ट ने 23 जून तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है। वहीं इस मामले में अन्य आरोपी देवेश उर्फ छोटू राठौड़ (20) निवासी कल्याण नगर, सोनू माली (22) निवासी दुर्गा वाली गली और लक्की उर्फ कान्हा परमार (19) निवासी मालीकुआं को बीती रात अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।
माणक चौक थाना क्षेत्र में चाट का ठेला लगाने वाले पिता पुत्र से बदमाशों की गैंग ने रंगदारी वसूलने के लिए मारपीट की थी। घटना सोमवार रात की थी जहां चाट का ठेला लगाने वाला यश कसेरा और उसके पिता ईश्वर कसेरा से बदमाशों ने रंगदारी कर रुपए की मांग की । रुपए नहीं देने पर रात करीब 11:00 बजे 6-7 बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और दोनों पिता-पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी । बदमाशों ने लाठी-डंडे और ईटों से भी हमला किया। जिसमें यह कसेरा को गंभीर चोटे आई। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया । माणक थाना पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद इन बदमाशों को गिरफ्तार कर आज कोर्ट पेश किया गया है।

