• Sat. Nov 7th, 2026

कार्यकर्ता में अपनत्व, प्रेम और विचारों के लिए समर्पण होना चाहिए : जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की टिफिन बैठक एवं परिचर्चा आयोजित

BySurendra Jain

Jun 15, 2023

खबर पक्की, 15 जून, रतलाम। आज संगठन ने कई ऊंचाइयों को छुआ है। उसके लिए अनेक कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन खपाया है। कार्यकर्ताओं में अपनत्व, प्रेम और विचारों के लिए समर्पण होना चाहिए। वरिष्ठों की कार्य क्षमता की वजह से ही आज संगठन इतनी ऊंचाई पर पहुंचा है। यह बात भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बुधवार को अमृत गार्डन में आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की टिफिन बैठक एवं परिचर्चा में मुख्य वक्ता के रूप में कही। यह परिचर्चा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित महासंपर्क अभियान के तहत हुई।
इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की टिफिन पार्टी हुई, जिसमें सबने घर से लाया गया भोजन एक साथ बैठकर किया। इस दौरान विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना, महापौर प्रहलाद पटेल, पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, महासंपर्क अभियान जिला संयोजक प्रवीण सोनी उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी श्री पांडेय ने कहा कि पहले वरिष्ठों ने जमीन पर बैठ कर जो कार्य किया हैं, उसकी वजह से आज देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में 9 वर्ष से सुशासन की सरकार चला रहे है। मोदी जी ने देश की प्रमुख समस्याओं को खत्म करने के लिए बहुत परिश्रम किया है। पार्टी को इस स्तर पर पहुंचाने के लिए कई कार्यकर्ताओं ने अपना लहू बहाया है और जेल भी गए है। उन्होने कहा कि भाजपा विचार से चलने वाला संगठन है। व्यक्ति आता है, जाता है, मगर विचार आज भी यही है। इन्ही विचारों की वजह से पार्टी के कार्यकर्ता संगठन को अपनी मां मानते है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश का वर्चस्व सर्वत्र स्थापित किया है, इससे आज हर भारतीय गौरान्वित हो रहा है।
परिचर्चा में पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि राजनीति धर्म है, धंधा नहीं। इसको धर्म समझ ही सबको सेवा कार्य करने चाहिए। देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान अपनी सेवा के माध्यम से अंत्योदय का सपना साकार कर रहे है। प्रधानमंत्री जी जैसा नेता मुश्किल से मिलता है, जो अंतिम व्यक्ति तक की सोचता है और उनके लिए कार्य करता है। पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य ने कहा कि पहले हम जिस सपनों के भारत की कल्पना करते थे, वो आज साकार हो रहा है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं कार्य करती, अपितु देश सेवा के लिए एक विचार लेकर चल रही है।
विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के 9 वर्ष के कार्यकल को भाजपा सुशासन के रूप में मना रही है और उन्होने जो कार्य करवाए है, उनकी गाथा जन-जन तक पहुंचा रही है। टिफिन पार्टी आत्मीयता का बोध करवाती है और विचार को भी मजबूती देती है। देश के प्रधानमंत्री जी ने राष्ट्रवादी विचारों को सत्ता के स्वरूप में स्थापित कर देश का गौरव बढ़ाया है। देश की प्रमुख समस्याओं का जिस तरह उन्होने हल किया है, उसकी सराहना पूरा विश्व कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा ने किया एवं आभार मंगल लोढ़ा ने माना। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने दी।

error: Content is protected !!